विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

अब JEE Mains की परीक्षा देने नहीं जाना होगा बिहार से बाहर, अपने पते के आधार पर चुन सकेंगे केंद्र

Published: Wed, 28 Oct 2026 09:06 AM (IST)

एनटीए ने जेईई मेन परीक्षा केंद्र चुनने के नियमों में बदलाव किया है, अब अभ्यर्थी अपने स्थायी या वर्तमान पते के राज्य में ही केंद्र चुन सकेंगे।

परीक्षा देने नहीं जाना होगा बिहार से बाहर (एआई जेनरेटेड तस्वीर)

परीक्षा देने नहीं जाना होगा बिहार से बाहर (एआई जेनरेटेड तस्वीर)

जागरण संवाददाता, पटना। राष्ट्रीय परीक्षा एजेंसी (एनटीए) द्वारा आयोजित जेईई मेन के लिए परीक्षा केंद्र चुनने का विकल्प अब पूरी तरह से अभ्यर्थी के स्थायी पते के राज्य या वर्तमान पते के राज्य तक ही सीमित कर दिया गया है। 

यदि इन राज्यों में चार से कम परीक्षा शहर उपलब्ध हैं, तो छात्रों को प्रशासनिक सुगमता के आधार पर अन्य राज्यों के शहर चुनने का विकल्प दिया जा सकता है। 

भारत के बाहर रहने वाले या विदेशी छात्रों के लिए भी शहरों का चुनाव उनके वर्तमान और स्थायी पते पर निर्भर करेगा। हालांकि, यदि किसी उम्मीदवार का पता विदेश का है, तो भी उसके लिए भारत में कम से कम एक शहर चुनना अनिवार्य कर दिया गया है। 

छात्रों को उनकी पसंद का केंद्र

एजेंसी ने स्पष्ट किया है कि छात्रों को उनकी पसंद का केंद्र आवंटित करने का पूरा प्रयास किया जाएगा, लेकिन प्रशासनिक या लाजिस्टिक कारणों से कोई अन्य शहर भी आवंटित किया जा सकता है। 

यदि किसी शहर में उम्मीदवारों की संख्या बहुत कम होती है, तो एनटीए के पास शहरों को मर्ज करने का विशेषाधिकार होगा। केंद्र आवंटन पर एनटीए का निर्णय ही अंतिम माना जाएगा और इस पर कोई भी पत्राचार या अनुरोध स्वीकार नहीं किया जाएगा।

प्रदेश के 11 शहरों में परीक्षा, औरंगाबाद केंद्र चुनते समय बरतें सावधानी

बिहार के 11 शहरों में जेईई मेन का आयोजन किया जाएगा। इसके लिए पटना, आरा, औरंगाबाद, भागलपुर, बिहारशरीफ, दरभंगा, गयाजी, मुजफ्फरपुर, पूर्णिया, समस्तीपुर और सारण में परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं। 

अकसर देखा गया है कि आवेदन करते समय अभ्यर्थी महाराष्ट्र और बिहार के औरंगाबाद केंद्र को चुनने में बड़ी गलती कर देते हैं। बिहार के औरंगाबाद जिला को परीक्षा केंद्र के रूप में चुनने के लिए अभ्यर्थियों को कोड बीआर 01 का चयन करना होगा। आवेदन पत्र अंतिम रूप से जमा करने से पहले केंद्र के नाम और कोड को अच्छी तरह से जांच लें।

ई-प्रवेश पत्र 13 जनवरी से शुरू होगा डाउनलोड

जेईई मेन 2027 के तय कार्यक्रम के अनुसार सेशन एक की परीक्षा के प्रवेश पत्र 13 जनवरी 2027 से, जबकि सेशन दो के लिए 25 मार्च 2027 से आधिकारिक वेबसाइट https://jeemain.nta.nic.in/ पर उपलब्ध होंगे। 

एनटीए ने छात्रों को सलाह दी है कि वे भविष्य की जरूरतों के लिए अपने एडमिट कार्ड की कम से कम चार हार्ड कॉपी (प्रिंटआउट) निकालकर जरूर रख लें। उम्मीदवारों को केवल उनके एडमिट कार्ड में आवंटित परीक्षा केंद्र, तारीख और शिफ्ट के अनुसार ही परीक्षा में शामिल होने की अनुमति मिलेगी।

यह भी पढ़ें- बिहार में संबद्ध कालेजों के शिक्षकों की प्रोन्नति का पैटर्न बदला, अब CAS के तहत प्रमोशन; 1992 वाला नियम समाप्त