कांग्रेस में राहुल की ताजपोशी पर JDU का तंज, वे वंशवाद की राजनीति के नए अवतार
राहुल गांधी के कांग्रेस अध्यक्ष बनने व सोनिया के रिटायरमेंट पर जदयू ने तंज कसे हैं। जदयू के अनुसार राहुल वंशवाद की राजनीति के नए अवतार हैं।
पटना [जेएनएन]। सोनिया गांधी के सक्रिय राजनीति से संन्यास के साथ कांग्रेस में राहुल युग की शुरुआत हो गई है। पार्टी अध्यक्ष के रूप में उनकी ताजपोशी तो दिल्ली में हुई, लेकिन इधर बिहार में भी राजनीति गरमा गई है। जनता दल यूनाइटेड (जदयू) ने इसपर प्रतिक्रिया में कहा है कि राहुल वंशवाद की राजनीति के नए अवतार हैं। जदयू ने सोनिया गांधी के रिटायरमेंट पर भी तंज कसे हैं।
जदयू के प्रवक्ता नीरज कुमार ने कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी पर निशाना साधा है। उन्होंने कहा कि राहुल वंशवाद की राजनीति के नए अवतार हैं। उनकी ताजपोशी सोने के चम्मच लेकर पैदा होने के कारण हुई। नीरज ने कुछ दिनों पहले पूर्व डिप्टी सीएम तेजस्वी यादव के साथ दिल्ली में उनकी मुलाकात पर तंज कसते हुए कहा कि उन्होंने ताजपोशी के पहले भ्रष्टाचारी के साथ लंच किया। उन्होंने पूछा कि इससे आखिर वे क्या संदेश देना चाहते हैं।
जदयू प्रवक्ता अजय आलोक राहुल की ताजपोशी पर अपनी प्रतिक्रिया में कहा कि घर की पार्टी घर में ही रह गई। सोनिया के रिटायरमेंट को दिखावा करार देते हुए उन्होंने कहा कि भले हीं वे सक्रिय राजनीति में नहीं रहें, लेकिन कांग्रेस उनकी सलाह के बिना नहीं चलेगी।
विदित हो कि कांग्रेस अध्यक्ष चुने जाने के बाद राहुल गांधी को आज सोनिया गांधी ने औपचारिक रूप से पार्टी की कमान सौपी।