लालू और तेजस्वी बर्फ से ढंके शहर में एसी बेचना चाहते हैं, जदयू प्रवक्ता ने राजद पर इस तरह कसा तंज
Bihar Politics बिहार विधानसभा के मानसून सत्र से ठीक पहले राज्य के सियासी माहौल में गर्माहट और राजनीतिक दलों में कड़वाहट बढ़ती जा रही है। जदयू ने कहा है कि लालू प्रसाद यादव अपने बेटे तेजस्वी यादव को राज्य का मुख्यमंत्री बनाने के लिए एड़ी चोटी का जोर लगाए हैं
पटना, आनलाइन डेस्क। Bihar Politics: बिहार विधानसभा के मानसून सत्र से ठीक पहले राज्य के सियासी माहौल में गर्माहट और राजनीतिक दलों में कड़वाहट बढ़ती जा रही है। जदयू ने कहा है कि लालू प्रसाद यादव अपने बेटे तेजस्वी यादव को राज्य का मुख्यमंत्री बनाने के लिए एड़ी चोटी का जोर लगाए हुए हैं, लेकिन ऐसा होगा नहीं। जदयू प्रवक्ता निखिल मंडल ने कहा कि राजद सुप्रीमो बर्फ से ढंके शहर में एसी बेचना चाहते हैं। बिहार में मुख्यमंत्री नीतीश कुमार का कोई विकल्प नहीं है। जनता उनसे खुश है। राजद के लोग बेकार सपने देख रहे हैं। राज्य के लोग बाप-बेटे के ट्विटर पर चीं-चीं करने की सुध लेने वाले नहीं हैं।
तेजस्वी ने कही थी कुर्सी छोड़ देने की बात
तेजस्वी ने पिछले दिनों कहा था कि नीतीश कुमार से मुख्यमंत्री की कुर्सी संभल नहीं रही है। उन्हें पद छोड़ देना चाहिए। राजद नेता ने कहा कि मुख्यमंत्री की कुर्सी उन्हें सौंप दें। वे सभी समस्याओं को ठीक कर देंगे। उनके इसी बयान पर जदयू नेताओं ने जवाबी हमले बोले। जदयू ने कहा कि मुख्यमंत्री की कुर्सी बांटने और देने की चीज नहीं है। जनता ने नीतीश के नेतृत्व में सरकार के लिए जनादेश दिया है।
महंगाई के विरोध में प्रदर्शन पर की टिप्पणी
निखिल ने राजद की ओर से महंगाई के विरोध में प्रदर्शन पर भी टिप्पणी की। उन्होंने कहा कि बिहार में आतंक फैलाना इनकी फितरत है। महंगाई के बहाने राजद के लोग राज्य की सड़कों पर तांडव करेंगे। लोगों पर पत्थर और लाठी बरसाएंगे। तेजस्वी को प्रदर्शन के दौरान अपने पार्टी कार्यकर्ताओं के आचरण की गारंटी लेनी चाहिए।
प्रखंड मुख्यालयों में प्रदर्शन कर रहे राजद कार्यकर्ता
पेट्रोल-डीजल की कीमत सहित रोजमर्रा की चीजों में महंगाई के खिलाफ राजद के कार्यकर्ता और समर्थक आज बिहार के प्रखंड मुख्यालयों में प्रदर्शन कर रहे हैं। लालू ने कहा कि महंगाई को हटाने के लिए एनडीए की सरकार को हटाना होगा।