यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Jul 19, 2023 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।
'INDIA' नाम से CM नीतीश नाखुश! जदयू ने तोड़ी चुप्पी, PM मोदी से की विपक्षी गठबंधन के लिए वोट मांगने की अपील
बेंगलुरु में विपक्षी दलों की बैठक के बाद चर्चाओं का बाजार गर्म है कि नीतीश कुमार को I.N.D.I.A नाम सही ...और पढ़ें

HighLights
- विपक्षी गठबंधन के नाम पर CM नीतीश की नाराजगी की चर्चा पर JDU ने तोड़ी चुप्पी
- JDU अध्यक्ष ललन सिंह ने कहा- नीतीश कुमार कभी नाराज नहीं हो सकते
- ललन सिंह बोले- मोदी जी 'I.N.D.I.A' के लिए वोट मांगें और मैदान छोड़कर जाएं
पटना, जागरण डिजिटल डेस्क। बेंगलुरु में 26 दलों की संयुक्त बैठक के बाद विपक्षी गठबंधन का नाम 'इंडिया' रखा गया है। हालांकि, बैठक के बाद प्रेस कांफ्रेंस से पहले ही लालू-तेजस्वी के साथ सीएम नीतीश कुमार पटना के लिए रवाना हो गए, जिसके बाद चर्चाओं का बाजार गर्म हो गया कि नीतीश कुमार को 'INDIA' नाम सही नहीं लगा और उन्होंने गठबंधन के नाम पर आपत्ति जताई थी।
नीतीश कुमार की नाराजगी की एक और वजह उन्हें विपक्षी खेमे का संयोजक नहीं बनाए जाने को लेकर भी बताई जा रही है। सियासी गलियारों में सीएम नीतीश को लेकर अटकलबाजियों के बीच जदयू ने इसपर चुप्पी तोड़ी है। बुधवार को जदयू अध्यक्ष राजीव रंजन उर्फ ललन सिंह ने कहा कि नीतीश कुमार विपक्षी एकता के सूत्रधार हैं। जो व्यक्ति सबको एक साथ लेकर आया है, वह कभी नाराज नहीं हो सकता। ललन सिंह ने कहा कि 'इंडिया' नाम सबकी सहमति से तय हुआ है।
#WATCH | Patna| JDU party president Lalan Singh says, "...Nitish Kumar is the one who has brought the opposition together and a person who has brought everyone together can never be angry...I was part of NDA for five years and to date PM Modi never called a meeting with NDA. Now… pic.twitter.com/6LZqUMSGKg
— ANI (@ANI) July 19, 2023
PM मोदी से की विपक्षी गठबंधन के लिए वोट मांगने की अपील
वहीं, विपक्षी गठबंधन के नाम पर भाजपा नेताओं की बयानबाजी पर ललन सिंह ने कहा कि मैंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का एक वीडियो देखा है, जिसमें पीएम कह रहे हैं- 'वोट फॉर इंडिया, वोट फॉर इंडिया, वोट फॉर इंडिया'। अब मोदी जी 'I.N.D.I.A' के लिए वोट मांगें और मैदान छोड़कर चले जाएं।
एनडीए की बैठक पर जदयू ने उठाए सवाल
वहीं, विपक्षी दलों की बैठक के बीच दिल्ली में 18 जुलाई को प्रधानमंत्री के नेतृत्व में एनडीए की बैठक भी हुई। ललन सिंह ने इसपर कहा कि मैं पांच साल तक एनडीए का हिस्सा रहा और आज तक पीएम मोदी ने एनडीए के साथ कभी बैठक नहीं बुलाई। अब उन्होंने बैठक क्यों बुलाई? वे 2024 के चुनाव में हार जाएंगे।
