विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

JDU में संगठनात्मक फेरबदल, श्याम रजक को महाराष्ट्र तो मनीष वर्मा को ओडिशा की कमान; कई नेताओं को नई जिम्मेदारी

Published: Tue, 17 Nov 2026 03:38 PM (IST)

जदयू ने राष्ट्रीय स्तर पर अपने संगठन में बड़ा फेरबदल किया है, जिसमें कई नेताओं को नई जिम्मेदारियां सौंपी गई ...और पढ़ें

नीतीश कुमार के दल में कई नेताओं को बड़ी जिम्‍मेदारी। फाइल

नीतीश कुमार के दल में कई नेताओं को बड़ी जिम्‍मेदारी। फाइल

HighLights

  1. JDU ने राष्ट्रीय स्तर पर संगठन में बड़ा फेरबदल किया।

  2. श्याम रजक को महाराष्ट्र, मनीष वर्मा को ओडिशा का प्रभार।

  3. विभिन्न प्रकोष्ठों और मीडिया टीम में भी बदलाव हुए।

डिजिटल डेस्क, पटना। बिहार की सत्ताधारी पार्टी जनता दल यूनाइटेड (जदयू) ने राष्ट्रीय स्तर पर अपने संगठन में फेरबदल करते हुए कई नेताओं को नई जिम्मेदारियां सौंपी हैं।

पूर्व सीएम सह राष्‍ट्रीय अध्‍यक्ष नीतीश कुमार के निर्देश पर राष्‍ट्रीय महासचिव सह विधान परिषद सदस्‍य आफाक अहमद खान ने इसकी सूचना जारी की है। 

पार्टी ने अलग-अलग राज्यों में संगठन को मजबूत करने के उद्देश्य से प्रभारियों की नियुक्ति की है। इसके साथ ही विभिन्न प्रकोष्ठों और राष्ट्रीय मीडिया टीम में भी बदलाव किया गया है।

श्‍याम रजक को महाराष्‍ट्र की जिम्‍मेदारी 

संगठनात्मक बदलाव के तहत पार्टी के वरिष्ठ नेता और मंत्री श्रवण कुमार उत्तर प्रदेश के प्रभारी बने रहेंगे। वहीं, पूर्व मंत्री श्याम रजक को महाराष्ट्र और जदयू के राष्ट्रीय महासचिव मनीष वर्मा को ओडिशा का प्रभारी बनाया गया है।

अनिल हेगड़े को उत्तर-पूर्व का सह प्रभारी नियुक्त किया गया है। इसके अलावा राष्ट्रीय महासचिव रामसेवक सिंह को झारखंड और हर्षवर्धन सिंह को गोवा का प्रभारी बनाया गया है।

इन नेताओं को संबंधित राज्यों में पार्टी की संगठनात्मक गतिविधियों को गति देने और कार्यकर्ताओं के बीच समन्वय स्थापित करने की जिम्मेदारी दी गई है।

JDU

सामाजिक समीकरण साधने के लिए प्रकोष्ठों में बदलाव

जदयू ने संगठन में सामाजिक समीकरणों को भी ध्यान में रखा है। अशोक राम को अनुसूचित जाति-जनजाति प्रकोष्ठ का अध्यक्ष बनाया गया है।

वहीं, पार्टी के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष पूर्व सांसद चंदेश्वर चंद्रवंशी को अति पिछड़ा वर्ग (ईबीसी) प्रकोष्ठ का प्रभारी नियुक्त किया गया है।

पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव आफाक अहमद खान को महासचिव के साथ मुख्यालय, उत्तर-पूर्व और जम्मू-कश्मीर की जिम्मेदारी सौंपी गई है।

महिला संगठन को मजबूत करने के लिए पूर्व राज्यसभा सांसद कहकशां प्रवीण को महिला विंग की जिम्मेदारी दी गई है।

तीन नेताओं को राष्ट्रीय मीडिया पैनल में जगह

पार्टी ने अपनी मीडिया टीम का भी विस्तार किया है। निखिल मंडल, कोमल सिंह और शालिनी मंडल को राष्ट्रीय मीडिया पैनलिस्ट बनाया गया है।

इनके माध्यम से राष्ट्रीय स्तर पर पार्टी का पक्ष रखने और संगठन की नीतियों एवं कार्यक्रमों को जनता तक पहुंचाने की जिम्मेदारी होगी।

जदयू के इस फेरबदल को बिहार से बाहर दूसरे राज्यों में पार्टी का आधार मजबूत करने की रणनीति के रूप में देखा जा रहा है।

खासकर महाराष्ट्र, ओडिशा, झारखंड, गोवा और उत्तर प्रदेश जैसे राज्यों में नए प्रभारियों की नियुक्ति के जरिए संगठन को सक्रिय करने की कोशिश की गई है।

अब नई जिम्मेदारी पाने वाले नेताओं के सामने अपने-अपने क्षेत्रों में पार्टी का विस्तार करने और संगठनात्मक गतिविधियों को मजबूत करने की चुनौती होगी।

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।