बिहार : JDU MLA के विवादित बोल - लाठी के बल पर हराएंगे चुनाव
अपने विवादित बयानों को लेकर सुर्खियों में रहे गोपालपुर के जदयू विधायक गोपाल मंडल ने एक बार नया विवाद खड़ा किया है। उन्होंने कहा है कि अगले विधानसभा चुनाव में वे भागलपुर के विधायक अजीत शर्मा को लाठी के बल पर हराएंगे।
जागरण टीम, पटना। अपने विवादित बयानों को लेकर सुर्खियों में रहे गोपालपुर के जदयू विधायक गोपाल मंडल ने एक बार नया विवाद खड़ा किया है। उन्होंने कहा है कि अगले विधानसभा चुनाव में वे भागलपुर के विधायक अजीत शर्मा को लाठी के बल पर हराएंगे। इसपर विधायक अजित शर्मा ने कहा कि गोपाल मंडल भाजपा की साजिश के तहत ऐसी बातें बोल रहे हैं।
बोले, मैं किसी से नहीं डरता
जागरण से बातचीत में विधायक ने कहा कि वे किसी से डरते नहीं हैं। उन्होंने फिर कहा, "हां, मैंने अजीत शर्मा को हराने की बात सार्वजनिक मंच से कही है।" इसके पहले हाल ही में गोपाल मंडल ने कहा था कि वे पहले हत्या की राजनीति करते थे, जिसे फिर शुरू करने वाले हैं। उनके इस बयान के बाद पार्टी ने मंगलवार को उन्हें निलंबित कर दिया है।
अजित शर्मा पर लगाया साजिश रचने का आरोप
शुक्रवार को भागलपुर के डीएन सिंह रोड स्थित गोकुल विवाह भवन में आयोजित होली मिलन समारोह में विधायक गोपाल मंडल ने कहा कि भागलपुर के विधायक अजीत शर्मा उनके खिलाफ साजिश रच रहे थे। नवगछिया के प्रमोद राय हत्याकांड में उन्होंने पूर्व विधायक इंजीनियर शैलेंद्र के साथ मिलकर षडयंत्र रचा है।
कहा, मैंने बनवाया दो बार विधायक
गोपाल मंडल ने दावा किया कि उन्होंने ही अजीत शर्मा को दो बार विधायक बनवाया। कहा, "उन्होंने मुझसे अपने पक्ष में प्रचार करने की गुहार लगाई, इसलिए मदद की। लेकिन, आज वे मेरे ही खिलाफ काम कर रहे हैं।"
अब लाठी के जोर पर हराएंगे
गोपाल मंडल ने आगे कहा, "इस बार के चुनाव में वे (अजीत शर्मा) रो रहे थे। तब मैंने उनका साथ दिया। अब लाठी के जोर पर उन्हें चुनाव में हराएंगे।"
चुनाव जीतना जनता पर निर्भर : अजीत शर्मा
गोपाल मंडल के बयान पर अपनी प्रतिक्रिया में विधायक अजीत शर्मा ने कहा कि जनता उनके कामकाज के आधार पर वोट देगी। विधायक गोपाल मंडल हराने की बात क्यों कर रहे हैं, यह वे ही बेहतर बता सकते हैं। बजीत शर्मा ने कहा कि अगर गोपाल मंडल भाजपा की साजिश के तहत ऐसा बोल रहे हैं तो वे आश्चर्यचकित हैं।
विवादित बयानों को लेकर पार्टी ने किया है निलंबित
अपने बयानों से पार्टी के लिए मुसीबत बन चुके विधायक गोपाल मंडल को जदयू ने निलंबित कर दिया है। मंडल ने बीते दिनों यह कहा था कि वे पहले हत्या की राजनीति करते थे, अब फिर इसकी शुरूआत करेंगे। जदयू के प्रदेश अध्यक्ष वशिष्ठ नारायण सिंह की अगुवाई में मंगलवार को जदयू की कोर ग्रुप की बैठक में यह फैसला लिया गया। बैठक के बाद वशिष्ठ नारायण सिंह ने कहा कि पार्टी इस तरह की सियासत को कभी बर्दाश्त नहीं करेगी।
बयान, जिसके बाद हुआ निलंबन
फिर शुरू करूंगा हत्या की राजीति : भागलपुर के नवगछिया में वसंत फुहार कवि सम्मेलन में विधायक आमंत्रित थे। उन्होंने वहां मंच से कहा कि पहले वे हत्या की राजनीति करते थे, लेकिन इसे छोड़ दिया था। जदयू विधायक ने खुलेआम धमकी दी कि विरोधी उनपर झूठे आरोप लगा रहे हैं, इसलिए अब वे फिर हत्या की राजनीति करेंगे या कराएंगे।
मेरे पास ताकत, बारूद व बंदूक भी : विधायक गोपाल मंडल ने अागे कहा, "मंच पर जब बैठे लोग मेरे वोटर नहीं हैं। फिर भी आपकी सुरक्षा मैं ही करूंगा। मेरे पास ताकत है। मेरे बारुद और बंदूक है।"
सुरा और सुंदरी तो स्वर्ग में रहने वाले लोगों को भी पसंद : मंडल इतने पर ही नहीं रूके। उन्होंने मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के शराबबंदी के निर्णय काे भी गलत करार दिया। विधायक ने कहा, सुरा और सुंदरी स्वर्ग में रहने वाले लोगों को भी पसंद हैं। नशाखोरी बंद नहीं हो सकती है। शराब राजा-महाराज की शोभा की वस्तु है। नशा की वस्तु भांग और दारू को भला कौन बंद कराएगा?