‘बेटे को IPS बनाऊंगा’; अब पटना की सड़क पर दिखा JDU विधायक अनंत सिंह का अलग अंदाज
जदयू विधायक अनंत सिंह अपने बेटे अभिनव को पटना में घुड़सवारी सिखाते हुए एक वायरल वीडियो के कारण चर्चा में हैं। वे अपने बेटे को आईपीएस अधिकारी बनाना चाहते हैं।
HighLights
जदयू विधायक अनंत सिंह ने बेटे को सिखाई घुड़सवारी।
पटना में बेटे की घुड़सवारी का वीडियो हुआ वायरल।
अनंत सिंह बेटे को आईपीएस अधिकारी बनाना चाहते हैं।
डिजिटल डेस्क, पटना: JDU MLA Anant Singh: अपने अलग अंदाज और बेबाक शैली के कारण अक्सर सुर्खियों में रहने वाले मोकामा के जदयू विधायक अनंत सिंह एक बार फिर चर्चा में हैं।
इस बार वजह उनका एक वायरल वीडियो है, जिसमें वे अपने छोटे बेटे अभिनव को घुड़सवारी सिखाते नजर आ रहे हैं।पटना की सड़कों पर शूट हुए इस वीडियो में अनंत सिंह अपने बेटे को घोड़े पर बैठाकर संतुलन बनाना सिखाते दिख रहे हैं।
इसके बाद वे पास बैठकर उसकी निगरानी भी करते नजर आते हैं। वीडियो में आसपास लोगों की भीड़ भी देखी जा सकती है और पृष्ठभूमि में सचिवालय क्षेत्र का दृश्य भी दिखाई दे रहा है।
बेटे को आईपीएस बनाने का सपना
अनंत सिंह अपने छोटे बेटे अभिनव के प्रति स्नेह को लेकर पहले भी चर्चा में रहे हैं। हाल ही में उन्होंने कहा था कि वे अपने बेटे को आईपीएस अधिकारी बनाना चाहते हैं। वहीं अभिनव ने भी पिता का सपना पूरा करने की इच्छा जताई है।
केस और सियासी बयान भी चर्चा में
गौरतलब है कि अनंत सिंह हाल ही में दुलारचंद यादव हत्याकांड में जमानत पर बाहर आए हैं। इस मामले में उन्हें समेत अन्य लोगों को आरोपित किया गया है। जेल से बाहर आने के बाद उन्होंने नीतीश कुमार से भी मुलाकात की थी।
इस दौरान उन्होंने एक बड़ा राजनीतिक बयान देते हुए कहा कि यदि नीतीश कुमार पद छोड़ते हैं, तो वे भी अगला चुनाव नहीं लड़ेंगे। उन्होंने संकेत दिया कि भविष्य में उनके बेटे को ही चुनावी मैदान में उतारा जा सकता है।