तेजस्वी पर JDU का बड़ा हमला, कहा- बिहार को बदनाम करने की ले रखी है सुपारी
तेजस्वी यादव द्वारा सहरसा में एक लड़की से छेड़खानी पर बयान देने पर जदयू ने कड़ी प्रतिक्रिया दी है। जदयू ने कहा है कि तेजस्वी बिहार को बदनाम कर रहे हैं।
पटना [राज्य ब्यूरो]। जदयू के प्रदेश प्रवक्ताओं ने सोमवार को संयुक्त रूप से संवाददाता सम्मेलन आयोजित कर बिहार विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव पर प्रहार किया। तेजस्वी यादव द्वारा सहरसा में एक लड़की के साथ हुई छेड़खानी की घटना का वीडियो जारी किए जाने पर तीखी प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए प्रवक्ताओं ने कहा कि ऐसे वीडियो वायरल कर नेता प्रतिपक्ष बिहार को शर्मसार कर रहे हैं। इस घटना में पकड़े गए दो लोग, चंदन यादव और पंकज यादव, राजद के समर्थक हैं।
जदयू के प्रदेश प्रवक्ता संजय सिंह ने कहा कि ऐसा लग रहा है कि तेजस्वी यादव ने बिहार को बदनाम करने की सुपारी ले रखी है। अपराधियों का चेहरा देखकर वह कैंडल मार्च निकालते हैं। राघोपुर एवं बिहिया की घटनाओं के पीछे राजद नेताओं का हाथ है, इसलिए वहां की घटनाओं पर वे चुप हैं।
राजद काल में था गब्बर सिंह टैक्स
जदयू के प्रदेश प्रवक्ता नीरज कुमार ने कहा कि नेता प्रतिपक्ष 'आरसीपी टैक्स' की बात करते हैं, वह बताएं कि क्या राजद के शासनकाल में फिरौती के लिए 5,243 अपहरण की घटनाएं नहीं हुई थीं? उस समय गब्बर सिंह टैक्स लिया जाता था। वह बताएं कि पिछले 12 सालों में कौन सी ऐसी घटना है जिसमें कार्रवाई नहीं हुई?
घटनाएं राजद प्रायोजित
प्रदेश प्रवक्ता डॉ. अजय आलोक ने कहा कि राजद नेताओं द्वारा सुनियोजित ढंग से ऐसी घटनाओं को अंजाम दिया जा रहा है। पिछले छह महीनों से ऐसी घटनाएं सामने आ रही हैं, नहीं तो पिछले 12 सालों में प्रदेश में महिलाओं पर अत्याचार की एक भी घटना नहीं हुई थी।
तेजस्वी बोले: घटनाओं से बिहार शर्मसार
उधर, तेजस्वी प्रसाद यादव ने ट्वीट कर कहा कि महिलाओं के खिलाफ अपराध, छेड़छाड़ और दुष्कर्म की घटनाओं से बिहार शर्मसार हो गया है। नालंदा, गया, मधुबनी, कैमूर, जहानाबाद, रोहतास, सासाराम और आरा के बाद अब सहरसा का वीडियो वायरल हो रहा है। सरकार ने बेशर्मी ओढ़ रखी है। लूट, अपहरण, हत्या और सामूहिक दुष्कर्म की खौफनाक वारदातों के बावजूद किसी अधिकारी पर कार्रवाई तो दूर, उसका ट्रांसफर तक नहीं हुआ। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार पर निशाना साधते हुए तेजस्वी ने अपने ट्वीट में कहा कि चाचा नींद से जागिए।