विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

10 हजार युवाओं को नौकरी का वादा, MLC चुनाव से पहले प्रशांत किशोर ने खोला रोजगार का कार्ड

Published: Sun, 20 Sep 2026 01:03 PM (IST)

जन सुराज पार्टी ने बिहार विधान परिषद चुनाव के लिए 5 उम्मीदवारों की घोषणा की, जिसमें पटना शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र ...और पढ़ें

उम्‍मीदवारों के एलान के समय व‍िजयी च‍िह्न द‍िखाते प्रशांत क‍िशोर। सौ-पार्टी

उम्‍मीदवारों के एलान के समय व‍िजयी च‍िह्न द‍िखाते प्रशांत क‍िशोर। सौ-पार्टी

HighLights

  1. जन सुराज ने बिहार विधान परिषद चुनाव के लिए 5 उम्मीदवार घोषित किए।

  2. प्रशांत किशोर ने शिक्षकों की 3 प्रमुख मांगों को पूरा करने का वादा किया।

  3. जीतने पर स्नातक क्षेत्रों में 10 हजार युवाओं को रोजगार मिलेगा।

डिजिटल डेस्क, पटना। बिहार विधान परिषद की शिक्षक और स्नातक निर्वाचन क्षेत्रों की आठ सीटों के चुनाव को लेकर जन सुराज ने रविवार को पांच उम्मीदवारों के नाम घोषित कर दिए।

पार्टी के सूत्रधार और बांकीपुर विधायक प्रशांत किशोर ने पाटलिपुत्रा कॉलोनी स्थित पार्टी कार्यालय में प्रेस वार्ता कर प्रत्याशियों की घोषणा की।

जन सुराज ने पटना शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र से दिव्या ज्योति, दरभंगा शिक्षक से एसपी राय, दरभंगा स्नातक से रवीन्द्र यादव, सारण शिक्षक से आफाक अहमद और कोसी स्नातक से रजनीश रंजन को उम्मीदवार बनाया है।

तिरहुत शिक्षक, तिरहुत स्नातक और पटना स्नातक निर्वाचन क्षेत्र के प्रत्याशियों की घोषणा अगले तीन-चार दिनों में करने की बात प्रशांत किशोर ने कही।

शिक्षकों को एक मंच पर लाने की तैयारी

प्रशांत किशोर ने कहा कि शिक्षकों की भर्ती, वेतनमान, गैर-शैक्षणिक कार्यों में ड्यूटी और वित्त रहित-वित्त पोषित संस्थानों से जुड़े मुद्दे लंबे समय से उठते रहे हैं।

उनके अनुसार, अलग-अलग शिक्षक संगठनों को एक साथ लाकर संघर्ष समिति बनाने की दिशा में जन सुराज काम करेगी।

उन्होंने अगले दो-तीन वर्षों तक शिक्षकों के साथ मिलकर तीन प्रमुख मांगों को उठाने की घोषणा की। इनमें सातवां वेतनमान लागू करना, वित्त रहित एवं वित्त पोषित शिक्षकों को शिक्षकों की श्रेणी में समायोजित करना और गैर-शैक्षणिक कार्यों में शिक्षकों की ड्यूटी के लिए मानक तय करना शामिल है।

किशोर ने कहा कि ये मांगें केवल शिक्षक संगठनों की नहीं, बल्कि जन सुराज की भी मांग होंगी। उन्होंने कहा कि पार्टी इन मुद्दों को सरकार के सामने उठाएगी।

स्नातक क्षेत्रों में 10 हजार रोजगार का दावा

प्रशांत किशोर ने कहा कि जिस स्नातक निर्वाचन क्षेत्र से जन सुराज का उम्मीदवार जीतकर विधान परिषद पहुंचेगा, वहां 10 हजार बेरोजगार युवाओं को रोजगार दिलाने की जिम्मेदारी पार्टी, निर्वाचित प्रतिनिधि और मेरी की होगी।

उन्होंने इसे बांकीपुर में पढ़े-लिखे बेरोजगार युवाओं के लिए घोषित रोजगार पहल से जोड़ते हुए कहा कि स्नातक निर्वाचन क्षेत्रों के युवाओं को भी रोजगार उपलब्ध कराया जाएगा। 

प्रेस वार्ता में जन सुराज के प्रदेश अध्यक्ष मनोज भारती, किशोर कुमार मुन्ना, प्रदेश महासचिव सुभाष कुशवाहा, ललन यादव, ओबैदुर रहमान, सरवर अली, कुमार सौरभ, राकेश पटेल और मसीउद्दीन समेत अन्य नेता मौजूद रहे।

यह भी पढ़ें- विधान परिषद चुनाव: PK की जसुपा ने क‍िया 5 प्रत्‍याश‍ियों का एलान, पटना श‍िक्षक क्षेत्र से डॉ. दिव्‍या बनीं उम्‍मीदवार