बिहार की 11 जेलों में दो से तीन गुना तक अधिक कैदी, कोरोना काल में बढ़ता ग्राफ चौंकाने वाला
लाकडाउन के दौरान भी जेलों में कैदियों की संख्या में इजाफा होता रहा। अप्रैल माह में बिहार की जेलों में कुल 56424 कैदी थे जो लाकडाउन वाले माह मई में बढ़कर 62365 हो गए। इस दौरान छह हजार से अधिक कैदियों की संख्या बढ़ी।
पटना, राज्य ब्यूरो। Bihar Crime: कोरोना काल में भी बिहार की जेलें हाउसफुल बनी रहीं। बिहार में कुल 59 जेले हैं, जिनमें 46,669 कैदियों को रखने की क्षमता है। गृह विभाग की रिपोर्ट के अनुसार, फिलहाल राज्य में 61,362 कैदी जेलों में बंद हैं। इसमें 59,084 पुरुष और 2278 महिला कैदी हैं। पिछले माह राज्य सरकार ने जेलों में बंद सजायाफ्ता कैदियों को रिहा करने का निर्देश दिया था, जिससे उम्मीद थी कि कैदियों की संख्या कुछ कम होगी मगर ऐसा नहीं हो सका। 30 जून तक जेलों में कुल 60,744 कैदी थे जो 618 बढ़कर एक माह में 61,362 हो गए हैं। जेलों में भीड़ कम करने के लिए सर्वोच्च न्यायालय ने भी सरकारों को निर्देशित किया था। इसमें कहा गया था कि कोरोना काल में छोटे-मोटे मामलों के आरोपितों को जेल भेजने से बचा जाए और मामूली मामलों में जेल में बंद आरोपितों को जमानत पर बाहर निकलने दिया जाए।
लाकडाउन में भी बढ़ गए कैदी
सबसे आश्चर्य की बात है कि लाकडाउन के दौरान भी जेलों में कैदियों की संख्या में इजाफा होता रहा। अप्रैल माह में बिहार की जेलों में कुल 56,424 कैदी थे जो लाकडाउन वाले माह मई में बढ़कर 62,365 हो गए। इस दौरान छह हजार से अधिक कैदियों की संख्या बढ़ी। हालांकि अगले ही माह करीब दो हजार कैदियों की संख्या कम हुई।
11 जेलों में दोगुने से तीन गुना तक अधिक कैदी
नई रिपोर्ट के अनुसार, बिहार की 59 जेलों में 11 जेल ऐसे हैं, जहां दोगुना से तिगुना क्षमता तक कैदी बंद हैं। इसमें सबसे अधिक बीरपुर सब जेल में 342 फीसद अधिक कैदी हैं। इसी तरह मधेपुरा जिला जेल में 312 फीसद अधिक कैदी हैं। इसके अलावा बाढ़, भभुआ, बिक्रमगंज, छपरा, सीतामढ़ी, जमुई, शेरघाटी, औरंगाबाद व दाउदनगर जेल में क्षमता से 200 फीसद से अधिक कैदी बंद हैं।
- जेल अब भी हाउसफुल, कोरोना काल में भी नहीं घटे कैदी
- 46,669 है बिहार के 59 जेलों की कुल क्षमता
- 61,362 पुरुष व महिला कैदी बंद हैं जेलों में
माह पुरुष महिला कुल कैदी
अप्रैल 54,296 2128 56,424
मई 60,066 2299 62,365
जून 58,530 2214 60,744
जुलाई 59,084 2278 61,362