विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

क्या आपको भी एजेंट ने बेची गलत पॉलिसी? बीमा लोकपाल के पास मिस-सेलिंग के 75% मामले; जानिए 8 जरूरी नियम

Published: Wed, 11 Nov 2026 07:00 AM (IST)

बीमा लोकपाल दिवस पर यह बताया गया कि बीमा पॉलिसी खरीदते समय एजेंटों के वादों पर नहीं, बल्कि शर्तों पर भरोसा करना चाहिए।

एजेंट के वादों पर नहीं, पालिसी की शर्तों पर करें भरोसा (AI Generated Image)

एजेंट के वादों पर नहीं, पालिसी की शर्तों पर करें भरोसा (AI Generated Image)

HighLights

  1. जीवन बीमा की 75% शिकायतें मिस-सेलिंग से संबंधित थीं।

  2. बीमा लोकपाल ने 51% मामलों में ग्राहकों के पक्ष में फैसला दिया।

  3. पॉलिसी खरीदने से पहले सभी नियम और शर्तें ध्यान से पढ़ें।

जागरण संवाददाता, पटना। बीमा पॉलिसी खरीदते समय दिखाए जाने वाले बड़े-बड़े सपने कई बार जरूरत के वक्त टूट जाते हैं। एजेंट के वादों पर भरोसा कर बिना शर्तें समझे पॉलिसी खरीदने वाले ग्राहकों को क्लेम के समय हकीकत का सामना करना पड़ता है।

आज बीमा लोकपाल दिवस पर यह आंकड़ा बीमा खरीदने से पहले सतर्क रहने और अपने अधिकारों को समझने की जरूरत को रेखांकित करता है। आज बीमा लोकपाल दिवस है। बीमा पॉलिसी खरीदने से लेकर क्लेम मिलने तक ग्राहकों के अधिकारों और सावधानियों पर बात करना जरूरी है।

लोग अक्सर एजेंटों के बहकावे में आकर या पूरी जानकारी के बिना बीमा पॉलिसी खरीद लेते हैं, जिसके कारण क्लेम के समय उन्हें शर्तों का पता चलता है और परेशानियां होती हैं।

यही वजह है कि वित्तीय वर्ष 2025-26 में ललित भवन स्थित बीमा लोकपाल कार्यालय आईं जीवन बीमा की शिकायतों में से लगभग 75 प्रतिशत मामले मिस-सेलिंग (गलत जानकारी देकर पॉलिसी बेचना) के थे। 51 प्रतिशत फैसले ग्राहकों के पक्ष में

वित्तीय वर्ष 2025-26 में कुल 1636 मामलों का निपटारा किया गया। इनमें 790 मामले जीवन बीमा, 276 साधारण बीमा और 570 स्वास्थ्य बीमा से संबंधित थे। कुल मामलों में 51 प्रतिशत फैसले ग्राहकों के पक्ष में हुए। वहीं, अप्रैल 2026 से अक्टूबर 2026 तक 1135 मामलों का निपटारा किया जा चुका है।

गलत जानकारी और अधूरी जानकारी से बढ़ती शिकायतें

बीमा लोकपाल, बिहार एवं झारखंड इन्द्रजीत सिंह ने बताया वित्तीय वर्ष 2025-26 में जीवन बीमा से जुड़ी शिकायतों में लगभग 75 प्रतिशत मामले मिस-सेलिंग से संबंधित थे। इसमें ऐसे मामले शामिल होते हैं, जहां एजेंट या ब्रोकर ग्राहक को पॉलिसी के लाभ, रिटर्न, अवधि या शर्तों की सही जानकारी नहीं देते।

कई बार ग्राहक को एक तरह की पॉलिसी बताकर दूसरी पॉलिसी बेच दी जाती है। कुछ मामलों में ग्राहक की आर्थिक स्थिति और जरूरत को समझे बिना अधिक प्रीमियम वाली पॉलिसी लेने के लिए प्रेरित किया जाता है। बाद में पॉलिसी बंद कराने, जमा प्रीमियम वापस लेने या क्लेम के समय ग्राहक को परेशानी होती है।

पॉलिसी खरीदने से पहले इन बातों का रखें ध्यान-

  • पॉलिसी के सभी नियम, लाभ और अपवाद ध्यान से पढ़ें।
  • केवल एजेंट की बातों पर भरोसा न करें।
  • अपनी आर्थिक जरूरत और परिवार की जिम्मेदारियों के अनुसार बीमा कवर चुनें।
  • बजट के अनुसार प्रीमियम चुनें।
  • बीमा कंपनी की जानकारी लें।
  • वेटिंग पीरियड समझें।
  • अलग-अलग कंपनियों की तुलना करें।
  • फ्री लुक पीरियड का लाभ लें।

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।