Move to Jagran APP

933 करोड़ की लागत से शहर का हार्ट होगा स्मार्ट

राजधानी को स्मार्ट बनाने के लिए पटना नगर निगम प्रशासन ने काम शुरू कर दिया है।

By JagranEdited By: Published: Fri, 19 Apr 2019 06:00 AM (IST)Updated: Fri, 19 Apr 2019 06:00 AM (IST)
933 करोड़ की लागत से शहर का हार्ट होगा स्मार्ट

पटना। राजधानी को स्मार्ट बनाने के लिए पटना नगर निगम प्रशासन ने काम शुरू कर दिया है। प्रथम चरण में स्मार्ट सिटी प्रोजेक्ट पर 933 करोड़ रुपए खर्च किए जाएंगे। इसके तहत सबसे पहले शहर के हार्ट को स्मार्ट बनाया जाएगा। इसमें आयकर गोलंबर से लेकर पटना स्टेशन एवं गांधी मैदान तक के एरिया को शामिल किया गया है। प्रोजेक्ट की कई योजनाओं का काम शुरू हो चुका है, तो कई का जल्द शुरू होने की उम्मीद है।

loksabha election banner

स्टेशन एरिया का बदलेगा स्वरूप

बिहार चैंबर ऑफ कॉमर्स के तत्वावधान में आयोजित बैठक में पटना नगर निगम के आयुक्त अनुपम कुमार सुमन ने कहा कि स्मार्ट सिटी प्रोजेक्ट के तहत शहर के स्टेशन एरिया को तेजी से विकसित किया जाएगा। इसके लिए न्यू स्टेशन एरिया में कॉमर्शियल कांपलेक्स बनाया जाएगा।

अदालतगंज तालाब होगा आकर्षण का केंद्र

स्मार्ट सिटी योजना के तहत राजधानी के अदालतगंज तालाब का विकास किया जाएगा। तालाब से मिट्टी निकालकर उसके चारों तरफ घाट बनाए जाएंगे। इस तालाब के विकास पर लगभग 9 करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे। तालाब के चारों तरफ प्रकाश की व्यवस्था होगी। यहां लोगों को स्नान करने से लेकर टहलने तक की सुविधा मुहैया कराई जाएगी। इस योजना पर काम शुरू हो चुका है।

गांधी मैदान में लगेगी स्क्रीन

गांधी मैदान में एक स्क्रीन लगाई जाएगी, जिसका उपयोग विभिन्न अवसरों पर किया जाएगा। आयुक्त का कहना है कि दुनिया के अधिकांश देशों में इस तरह की स्क्रीन लगाई जाती हैं, जहां समय-समय पर विशेष आयोजन किया जाता है।

मंदिरी नाले का होगा विकास

स्मार्ट सिटी योजना के तहत राजधानी के मंदिरी एवं बाकरगंज नाला का विकास किया जाएगा। इसके लिए प्रोजेक्ट तैयार कर लिया गया है। जल्द ही उस पर काम शुरू हो जाएगा। मंदिरी नाला को ढंककर स्मार्ट सड़क का निर्माण किया जाएगा।

40 वर्षो में मात्र चार फीसद हुआ शहरीकरण

नगर आयुक्त ने कहा कि पिछले 40 वर्षो में राज्य में मात्र चार फीसद शहरीकरण हुआ है। यहां पर शहरीकरण की गति काफी धीमी रही है। यह सिलसिला लंबे समय से चलते आ रहा है। 1970 के दशक में राज्य के मात्र सात फीसद हिस्से का शहरीकरण हुआ था। 2011 में राज्य के 11 फीसद हिस्से का शहरीकरण हो पाया है।

नगर निगम के बजट में 10 गुणा वृद्धि

पटना नगर निगम के बजट में 10 गुणा वृद्धि हुई है। दो वर्ष पूर्व पटना नगर निगम का बजट 400 से 500 करोड़ के आसपास हुआ करता था, लेकिन इस वर्ष बढ़ाकर 4100 करोड़ कर दिया गया है। बजट बढ़ने से शहर के विकास में तेजी आएगी।

राजधानी में लगेंगे 3500 कैमरे

स्मार्ट सिटी योजना के तहत राजधानी में 3500 कैमरे लगाए जाएंगे। ये कैमरे शहर के हर वार्ड में लगाए जाने की योजना है। इसके अलावा हर वार्ड में जन सेवा केंद्र खोले जाएंगे। इससे स्थानीय लोगों को निगम संबंधी कार्य के लिए अपने वार्ड से बाहर जाने की जरूरत नहीं होगी।

कमला नेहरूनगर स्लम बस्ती का होगा विकास

स्मार्ट सिटी प्रोजेक्ट के तहत राजधानी की स्लम बस्ती कमला नेहरूनगर का विकास किया जाएगा। यहां पर 1400 लोगों को रहने के लिए आवास की व्यवस्था की जाएगी। किसी को शहर से विस्थापित करने की कोई योजना नहीं है। 1400 लोगों के लिए आवास बनाने पर 188 करोड़ रुपए खर्च किए जाएंगे।

15 नाइट सेंटर का होगा निर्माण

राजधानी में रैन बसेरे की जगह अब नाइट सेंटर का निर्माण किया जाएगा। शहर में 15 नाइट सेंटर का निर्माण किया जाएगा। नाइट सेंटर में रात में ठहरने की व्यवस्था होगी। यहां पर सस्ते दर पर भोजन की भी व्यवस्था की जाएगी।

ऑनलाइन मिलेगा जन्म एवं मृत्यु प्रमाणपत्र

राजधानीवासियों को जल्द ही ऑनलाइन जन्म एवं मृत्यु प्रमाणपत्र मिलेंगे। इसके लिए समुचित व्यवस्था नगर निगम द्वारा की जा रही है। अब जन्म एवं मृत्यु प्रमाणपत्र के लिए राजधानीवासियों को भटकना नहीं होगा, न ही निगम कार्यालय का चक्कर काटना पड़ेगा।


Jagran.com अब whatsapp चैनल पर भी उपलब्ध है। आज ही फॉलो करें और पाएं महत्वपूर्ण खबरेंWhatsApp चैनल से जुड़ें
This website uses cookies or similar technologies to enhance your browsing experience and provide personalized recommendations. By continuing to use our website, you agree to our Privacy Policy and Cookie Policy.