इंजन में थी खराबी, रनवे से लौटी इंडिगो की फ्लाइट
पटना एयरपोर्ट पर बुधवार की सुबह कोलकाता जा रही इंडिगो की फ्लाइट रनवे से वापस लौट आए।
पटना। पटना एयरपोर्ट पर बुधवार की सुबह कोलकाता जा रही इंडिगो की फ्लाइट रनवे से वापस लौट आई। रनवे पर दौड़ लगाने के पहले ही पायलट को तकनीकी खराबी की जानकारी मिल गई जिसके बाद विमान पर सवार सभी 160 यात्रियों को सुरक्षित उतार दिया गया। अधिकारियों की मानें तो विमान के इंजन में खराबी थी मगर सही समय पर इसकी जानकारी हो गई। इसके पहले 30 जून को भी दिल्ली जा रही इंडिगो की फ्लाइट दुर्घटनाग्रस्त होने से बची थी।
स्थानीय जयप्रकाश नारायण एयरपोर्ट के पार्किंग स्टैंड वन से इंडिगो की 6ई-638 फ्लाइट सुबह 10:30 बजे उड़ान भरने के लिए रनवे की तरफ बढ़ी। इसी दौरान पायलट ने तकनीकी खराबी पकड़ ली। पायलट ने तत्काल इमरजेंसी ब्रेक लगाया और एयरपोर्ट टॉवर से संपर्क किया। टॉवर ने रनवे से ही पार्किंग स्टैंड में फ्लाइट वापस आने का निर्देश दिया। पायलट ने पार्किंग स्टैंड वन पर पुन: फ्लाइट खड़ी कर दी। फ्लाइट में ही घोषणा कर दी कि फ्लाइट में तकनीकी खराबी उत्पन्न हो गई है। जांच के बाद यह उड़ान भरेगी।
दूसरी फ्लाइट से रवाना हुए यात्री
इसके बाद इंडिगो ने दूसरे विमान का इंतजाम किया। यात्री दोपहर दो बजे दूसरी फ्लाइट से कोलकाता के लिए रवाना हुए। यात्रियों में आक्रोश था कि फ्लाइट की पहले ही पूरी तरह से जांच क्यों नहीं की गई। इंडिगो के अधिकारियों ने बताया कि फ्लाइट के उड़ान भरने के पूर्व तकनीकी खराबी पकड़ी गई। एयरपोर्ट निदेशक राजेंद्र सिंह लाहोरिया ने बताया कि हादसे जैसी कोई स्थिति नहीं उत्पन्न हुई थी। सुरक्षात्मक दृष्टिकोण से फ्लाइट में तकनीकी खराबी के कारण उड़ान भरने की अनुमति नहीं दी गई। दिल्ली से इंजीनियरों का दल फ्लाइट की तकनीकी खराबियों को दूर करने में जुट गया है। देर शाम तक खराबी दूर नहीं हो पाई थी।
----------------------
12 दिन पहले ही दुर्घटनाग्रस्त होने से बची थी इंडिगो की फ्लाइट
पटना : इंडिगो की पटना से दिल्ली जाने वाली फ्लाइट (6ई-508) 30 जून को दुर्घटनाग्रस्त होने से बची थी। विमान रनवे पर 100 नॉटिकल माइल की गति से दौड़ रही थी तभी धुआं निकलने की शिकायत मिली थी जिसके बाद इमरजेंसी ब्रेक लगाई गई थी। इमरजेंसी गेट से यात्रियों को बाहर निकाला गया था। विमान में 174 यात्री सवार थे जिनमें करीब 30 को मामूली चोटें आई थीं। इसके कारण तीन घंटे तक स्थानीय जयप्रकाश नारायण एयरपोर्ट पर परिचालन ठप था।