बिहार में नहीं थम रहीं हत्या की घटनाएं, सीवान में डबल मर्डर; बांका में कुल्हाड़ी से युवक को काट डाला
बिहार में हत्या की घटनाएं नहीं थम रही हैं। रविवार को अब तक चार मर्डर हो चुका है। सिवान में डबल मर्डर हो गया। वहीं बांका में कुल्हाड़ी से युवक को का डाला। सीतामढ़ी में भी हत्या
पटना, जेएनएन। बिहार में हत्या की घटनाएं नहीं थम रही हैं। रविवार को अब तक चार मर्डर हो चुका है। सिवान में डबल मर्डर हो गया। डबल मर्डर से इलाके में सनसनी फैल गई। वहीं, बिहार के बांका जिले में कुल्हाड़ी से युवक को काट डाला। सीतामढ़ी में भी हत्या की घटना हुई है। वहां युवक को पीट-पीट कर मार डाला। हत्या की बढ़ती घटनाओं से लोग दहशत में हैं।
सिवान में गोली मारकर हत्या दो की हत्या
सिवान में रविवार को बेखौफ अपराधियों ने दिनदहाड़े दो लोगों की गोली मारकर हत्या कर दी। पहली घटना सिवान जंक्शन की है। एक सादे कपड़े में आये व्यक्ति ने जंक्शन के प्लेटफाॅर्म संख्या 1 पर पत्नी संग कोलकाता जाने के लिए बाघ एक्सप्रेस का इंतजार कर रहे व्यक्ति के सिर में गोली मार कर हत्या कर दी। घटना के बाद जंक्शन पर अफरा-तफरी का माहौल कायम हो गया। मृतक की शिनाख्त जामो थाना क्षेत्र के लद्दी निवासी फैसल के रूप में हुई। वहीं, थोड़ी देर के बाद जिले के नौतन थाना क्षेत्र के मुरारपट्टी में अपराधियों ने एक व्यक्ति की गोली मार कर हत्या कर दी। मृतक मुबारक अहमद बताया जाता है। घटनास्थल से पुलिस ने एक कट्टा, आधार कार्ड को बरामद किया है। मृतक यूपी के बनकटा थाना के दास नरहिया का निवासी था। मुबारक अहमद बाइक मैकेनिक था।
बांका में युवक को कुल्हाड़ी से काट डाला
बांका जिले के कटोरिया थाना क्षेत्र के कठोन गांव में उस समय सनसनी मच गई, जब बदमाशों ने एक युवक को कुल्हाड़ी से काट डाला। मौके पर ही उसकी मौत हो गई। लोगों की मानें तो युवक का आरोपी से पुराना भूमि विवाद चल रहा था। मृतक की पहचान 19 वर्षीय युवक पवन कुमार राय के रूप में की गई है। पुलिस मामले की जांच कर रही है। इस मामले में पुलिस दो लोगों चंदन राय और गुड्डू को हिरासत में लेकर पूछताछ कर रही है। पुलिस के अनुसार चार अन्य आरोपी घर से फरार हैं।
सीतामढ़ी में युवक को पीट कर मार डाला
सीतामढ़ी के रीगा थाना क्षेत्र के कुसुमपुर बखरी गांव में उस समय अफरातफरी मच गई, जब एक युवक को पीट पीट कर मार डाला। मृतक की पहचान गांव के ही गुलाम रसूल बैठा के रूप में की गई है। पुलिस के अनुसार गुलाम का फिरोज बैठा के साथ पुराना भूमि विवाद था। इसके पहले भी भूमि विवाद को लेकर उस पर कातिलाना हमला किया था। इतना ही नहीं, वह अपनी सुरक्षा के लिए डीएम से लेकर थानेदार तक से गुहार लगाई थी। जनता दरबार में भी आवेदन दिया था, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई। आज गुलाम की हत्या कर दी गई।