बिहार में बारह साल में बढ़ गए 12 गुना विमान यात्री
बिहार में बारह साल के दौरान विमान यात्रियों की संख्या में बारह गुना की बढ़ोतरी हुई है। वर्ष 2004-05 में यहां 3,844 उड़ानें आईं जो 2016-17 में बढ़कर 15,508 हो गईं।
पटना [राज्य ब्यूरो]। बिहार में बारह साल के दौरान विमान यात्रियों की संख्या में बारह गुना की बढ़ोतरी हुई है। एक अन्य आंकड़े के अनुसार सूचना एवं संचार प्रौद्योगिकी में पिछले पांच वर्षों के दौरान 14.6 प्रतिशत की वृद्धि हुई है। सोमवार को विधानसभा में पेश आर्थिक सर्वे में विस्तार से इसकी जानकारी दी गयी है।
बारह गुना बढ़े विमान यात्री
आर्थिक सर्वे के आंकड़े के अनुसार बिहार में विमानों का आवागमन 2004-5 की तुलना में 2016-17 में चार गुने की बढ़ोतरी हुई है। वर्ष 2004-05 में यहां 3,844 उड़ानें आईं जो 2016-17 में बढ़कर 15,508 हो गईं। इसका असर विमान यात्रियों की संख्या पर पड़ा। वर्ष 2005 में बिहार में विमान यात्रियों की संख्या 1.76 लाख थी जो बारह गुना बढ़कर 2016-17 में 21.12 लाख हो गयी।
इस आंकड़े के विश्लेषण के आधार पर यह बात सामने आयी है कि यहां 2016-17 में प्रतिदिन 5,787 यात्रियों ने हवाई यात्रा की जो 2004-05 में मात्र 483 थी। हवाई मार्ग से माल ढुलाई के आंकड़े में भी बढ़ोतरी हुई है। 2004-05 में प्रतिदिन यह 2.8 टन था जो 2016-17 में बढ़कर 18.1 टन प्रतिदिन हो गया।
सूचना एवं संचार प्रौद्योगिकी में 14.6 प्रतिशत का इजाफा
सूचना एवं संचार प्रौद्योगिकी के क्षेत्र में विगत पांच वर्षों के दौरान बिहार में विकास की दर 14.6 प्रतिशत रही है। राज्य सरकार ने एक ई- डिस्ट्र्क्टि रॉलआउट योजना स्वीकृत की है जिसके तहत 28 नागरिक सेवाएं अ़ॉनलाइन उपलब्ध करायी जा रही है।