IIT पटना के हाइब्रिड कोर्स का जलवा: 44 छात्रों को मिला 42 लाख से ज्यादा का पैकेज, 56 लाख तक पहुंची सैलरी
आईआईटी पटना के हाइब्रिड डिग्री प्रोग्राम के छात्रों ने शानदार प्लेसमेंट हासिल किया है, जिसमें 44 से अधिक छात्रों को ...और पढ़ें

भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान (IIT) पटना
अक्षय पांडेय, पटना। भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान (IIT) पटना के हाइब्रिड मोड के डिग्री प्रोग्राम में पढ़ने वाले विद्यार्थियों ने शानदार प्लेसमेंट हासिल किया है। वर्ष 2026 में यूजी-पीजी प्रोग्राम के 44 से अधिक विद्यार्थियों को 42 लाख रुपये से ज्यादा का पैकेज मिला है। वहीं, एमटेक एआईडीएसई, एमबीए, बीबीए और बीएससी सीएसडीए प्रोग्राम के 10 विद्यार्थियों का पैकेज 56 लाख रुपये तक पहुंचा।
2023 में शुरू हुआ हाइब्रिड मोड का सफर
कुलसचिव प्रो. एके ठाकुर के अनुसार, राष्ट्रीय शिक्षा नीति 2020 की तर्ज पर हाइब्रिड कोर्स को ग्लोबल जॉब मार्केट की जरूरतों के मुताबिक तैयार किया गया है।
सीनेट और बोर्ड ऑफ गवर्नर्स की मंजूरी के बाद 2023 में इन डिग्री प्रोग्राम की शुरुआत हुई। हाइब्रिड मॉडल में ग्लोबल स्टैंडर्ड के अनुरूप क्रेडिट स्ट्रक्चर और करिकुलम तैयार किया गया है।
चार साल में बढ़ा नामांकन, 2025 में 5411 विद्यार्थी
हाइब्रिड प्रोग्राम की लोकप्रियता का अंदाजा नामांकन के आंकड़ों से भी लगाया जा सकता है। 2023 में 1892 विद्यार्थियों ने नामांकन लिया था, जो 2024 में बढ़कर 3800 हो गया। 2025 में यह संख्या 5411 तक पहुंची, जबकि 2026 में 5285 विद्यार्थियों ने नामांकन लिया।
यूजी में JEE-CUET, पीजी में अनुभवी प्रोफेशनल्स
यूजी प्रोग्राम में प्रवेश के लिए JEE और CUET स्कोर व परसेंटाइल को आधार बनाया जाता है। वहीं पीजी प्रोग्राम मुख्य रूप से काम कर रहे अनुभवी एग्जीक्यूटिव्स के लिए तैयार किए गए हैं। अब तक दो दीक्षा समारोहों में हाइब्रिड मोड के पीजी के दो और यूजी के एक बैच को डिग्री दी जा चुकी है।
10 शॉर्टटर्म कोर्स भी शुरू, 1000 कंपनियों में इंटर्नशिप
डिग्री प्रोग्राम के अलावा कामकाजी प्रोफेशनल्स के स्किल्स बढ़ाने के लिए छह से 11 माह की अवधि वाले 10 शॉर्टटर्म सर्टिफिकेट प्रोग्राम भी शुरू किए गए हैं।
विद्यार्थियों को करीब 1000 कंपनियों में इंटर्नशिप का अवसर उपलब्ध कराया जा रहा है। कैंपस इमर्शन के लिए 738 बेड का हॉस्टल और 500 कंप्यूटर की लैब व डिजिटल लाइब्रेरी भी आंतरिक संसाधनों से तैयार की जा रही है।
AI से साइबर सिक्योरिटी तक कई हाई-डिमांड प्रोग्राम
IIT पटना के हाइब्रिड मोड में BBA, BS इन CSDA, BS इन AICS समेत कई यूजी प्रोग्राम हैं। ड्यूल डिग्री में BBA-MBA, BS-MS CSDA और BS-MS AICS शामिल हैं।
पीजी स्तर पर MS CSDA, MS AICS, MBA, MBA इन जनरेटिव AI एंड प्रोजेक्ट मैनेजमेंट, MTech AI एंड DSE-CSE तथा MTech क्लाउड कंप्यूटिंग-ब्लॉकचेन जैसे प्रोग्राम संचालित किए जा रहे हैं।