चेतावनी: छह अगस्त को बंगाल की खाड़ी में उठेगा तूफान, बिहार में भी होगा असर
मौसम विभाग के अनुसार बंगाल की खाड़ी से 6 अगस्त तक तूफान उठने की आशंका है। इसका असर बिहार और हिमालय के क्षेत्र में पड़ेगा।
पटना [जेएनएन]। राजधानी सहित आसपास के इलाके में बुधवार को बारिश होने के आसार हैं। पूर्वी उत्तर प्रदेश से बिहार और असम तक मानसून के सक्रिय रहने के कारण पटना के आसपास और गंगा के तटीय क्षेत्र में कुछ जगहों पर भारी बारिश हो सकती है। मौसम विभाग के अनुसार बंगाल की खाड़ी से 6 अगस्त तक तूफान उठने की आशंका है। इसका असर बिहार और हिमालय के क्षेत्र में पड़ेगा।
मंगलवार को पटना को छोड़कर राज्य के अन्य हिस्सों में बारिश हुई। राजधानी के आसपास के इलाके में पूरे दिन आकाश में बादल छाए रहने के कारण गर्मी से राहत मिली। मौसम विभाग के अनुसार मंगलवार को पूर्णिया में सबसे ज्यादा 13 एमएम वर्षा रिकॉर्ड की गई।
सोमवार को रात गया में 18.8 एमएम और भागलपुर में 3.6 एमएम वर्षा हुई। फॉरबिसगंज में 8 एमएम, खगडिय़ा में 7 एमएम, मधुबनी में 6 एमएम, सहरसा, सीतामढ़ी, किशनगंज और सुपौल में 5-5 एमएम वर्षा रिकॉर्ड की गई।
मंगलवार को पटना का अधिकतम तापमान 32 डिग्री और न्यूनतम 26.5 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। गया का अधिकतम तापमान 30 डिग्री और न्यूनतम 24.6 डिग्री सेल्सियस रहा। भागलपुर का अधिकतम तापमान 33.5 डिग्री और न्यूनतम 25.5 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। पूर्णिया का अधिकतम तापमान 30.5 डिग्री और न्यूनतम 25.7 डिग्री सेल्सियस रहा।
मौसम विभाग द्वारा जारी साप्ताहिक पूर्वानुमान के अनुसार गुरुवार को बिहार के कई हिस्से में मानसून सक्रिय रहेगा। उत्तर बिहार में कम दबाव का क्षेत्र बनने के कारण कुछ जगहों पर भारी वर्षा होने की संभावना रहेगी। बंगाल की खाड़ी में 6 अगस्त को तूफान उठने की संभावना है। इसका असर बिहार और हिमालय के तराई क्षेत्र में रहेगा।