बिहार विधानमंडल का बजट सत्र, भाई वीरेंद्र बोले- जनहित से कोई समझौता नहीं
बिहार विधान मंडल का बजट सत्र जारी है। आज होली के बाद सत्र फिर आरंभ हो चुका है। आज भी विपक्षी नेताओं ने जमकर हंगामा मचाया।
पटना [राज्य ब्यूरो]। होली के अवकाश के बाद सोमवार से पुन: विधानमंडल के बजट सत्र की कार्यवाही शुरू हो चुकी है। इसमें दलित अत्याचार, कानून व्यवस्था व भ्रष्टाचार आदि के मुद्दों पर विपक्ष ने आज भी जमकर हंगामा मचाया। बता दें कि चालू बजट सत्र में इसके पहले भी जबरदस्त हंगामा होता रहा था।
बजट सत्र में शामिल होने जाते राजद के भाई वीरेंद्र ने कहा कि बिहार में दलितों की जमीन हड़पी जा रही है। किसानों-मजदूरों पर अत्याचार हो रहे हैं। उन्होंने केंद्र सरकार में दो मंत्रियों राधामोहन सिंह तथा गिरिराज सिंह के नाम लेकर भी गंभीर आरोप लगाए। भाई वरीेंद्र ने कहा कि सदन में सरकार का जवाब नकारात्मक होता है। इस बार भी अगर ऐसा हुआ तो विपक्ष जनहित में अपनी आवाज बुलंद करेगा। जनहित से कोई समझौता नहीं किया जाएगा।
वहीं आज विधानसभा की कार्यवाही के बाद कांग्रेस विद्यायक सुदर्शन और मुन्ना तिवारी ने विधायक दल के नेता सदानंद सिंह के खिलाफ मोर्चा खोला। दोनों नेताओं ने कहा विधायक दल के नेता परेशान कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि विधानसभा सत्र के बाद आलाकमान से मिलकर सदानंद सिंह की शिकायत करेंगे।
वहीं, मदन मोहन झा विधान परिषद में कांग्रेस के विरोधी दल के नेता मनोनीत किए गए। उप सभापति हारुण रशीद ने सदन को ये जानकारी दी। बता दें कि अशोक चौधरी के कांग्रेस छोड़ने के कारण यह पद रिक्त था। कांग्रेस विधायक दल के नेता सदानंद सिंह और कार्यकारी अध्यक्ष कोकब कादरी की अनुसंशा पर हारुण रशीद ने किया ऐलान।
विधानसभा की पहली पाली में आज प्रश्नकाल दो घंटे का हुआ, जिसमें गृह, वित्त एवं अन्य विभागों के सवाल लिए गए। होली के अवकाश के कारण गुरुवार को विधानमंडल की कार्यवाही नहीं हो सकी थी। उस दिन के काम भी सोमवार को ही निपटाए गए। अन्य प्रक्रियाएं सामान्य तरीके से चलीं। दूसरी पाली में बजट पर विमर्श एवं सरकार का उत्तर हुआ।