गृह मंत्री अमित शाह के नाम से फेक ट्वीट ने मचाई हलचल, गोपालगंज में दर्ज हुई एफआइआर
Bihar News गृह मंत्री अमित शाह के ट्विटर पोस्ट से छेड़छाड़ कर किया वायरल पोस्ट में दावा- बिहार आकर सुधार दूंगा सब कुछ बिहार भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष मिथिलेश तिवारी ने दर्ज कराई दो के विरुद्ध प्राथमिकी एक आरोपित फरार
गोपालगंज, जागरण टीम। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह (Central Home Minister Amit Shah Tweet) के नाम वाले ट्विटर अकाउंट से वायरल ट्वीट ने गोपालगंज का राजनीतिक माहौल गर्म कर दिया है। बिहार भाजपा की गोपालगंज इकाई के संदर्भ में अमित शाह के ट्वीट पर भाजपा के प्रदेश उपाध्यक्ष मिथिलेश तिवारी (BJP Leader Mithilesh Tiwari) के जवाब का स्क्रीनशाट वायरल हुआ, तो लोगों ने खूब मजे लिए। दरअसल, ट्वीट की भाषा देखते ही जाहिर हो रहा है कि यह फेक है। इस मामले में बिहार भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष मिथिलेश तिवारी ने महम्मदपुर थाने में प्राथमिकी दर्ज कराई है। मामले में दो लोगों को आरोपित किया गया है।
भाजपा नेता को उनके कार्यकर्ताओं ने दी जानकारी
जानकारी के अनुसार, 12 मई काे बिहार भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष सह बैकुंठपुर के पूर्व विधायक मिथिलेश तिवारी को उनके कार्यकर्ताओं ने बताया कि गृह मंत्री अमित शाह एवं उनका फर्जी ट्विटर अकाउंट बनाया गया है। फर्जी अकाउंट से मिथिलेश तिवारी के बारे मेें आपत्तिजनक बातें लिखी गई हैं। इसके बाद दर्ज कराए गए मामले में महमम्मदपुर थाना क्षेत्र के ग्राम देवकुली निवासी विक्की कुमार एवं ग्राम श्यापुर निवासी प्रवीण कुमार सिंह को आरोपित बनाया गया। इन दोनों ने ट्विटर पोस्ट से छेड़छाड़ कर फेसबुक व वाट्सएप पर शेयर कर दिया। बताया जा रहा है कि इस संबंध में मिथिलेश तिवारी ने दोनों से पूछताछ की तो दोनों ने उन्हें धमकी दी।
एक आरोपित को मिली जमानत, दूसरा फरार
गोपालगंज एसपी आनंद कुमार ने बताया कि आरोपित विक्की कुमार को गिरफ्तार किया गया था। उसे रविवार को कोर्ट से जमानत मिली गई है। दूसरा आरोपित प्रवीण कुमार सिंह फरार चल रहा है। उन्होंने बताया कि गृह मंत्री अमित शाह एवं बिहार भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष मिथिलेश तिवारी के बीच के ट्वीट का स्क्रीनशाट लेकर साफ्टवेयर के माध्यम से एडिट कर शेयर किया गया है। उन्होंने बताया कि पूरे मामले की जांच कराई जा रही है।