विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

आरा में होमगार्ड जवान के बेटे को मारी गोली, आदर्श हत्याकांड से जुड़ा प्रतिशोध का शक

Published: Wed, 21 Oct 2026 08:56 AM (IST)

आरा में होमगार्ड जवान के बेटे अमरजीत यादव को गोली मारी गई, जिसमें वह घायल हो गया। पुलिस इस घटना ...और पढ़ें

होटल में खाना खाने जा रहा था युवक, तभी हुई फायरिंग

होटल में खाना खाने जा रहा था युवक, तभी हुई फायरिंग

HighLights

  1. होमगार्ड जवान के बेटे अमरजीत यादव को गोली मारी।

  2. हमला आदर्श हत्याकांड से जुड़े प्रतिशोध का शक।

  3. पुलिस कर रही छापेमारी, आरोपितों की तलाश जारी।

जागरण संवाददाता, आरा(भोजपुर)। भोजपुर जिले के आरा में पुराने हत्याकांड से जुड़े विवाद के बीच एक युवक को गोली मारने का मामला सामने आया है। नवादा थाना क्षेत्र के मौलाबाग स्थित डीके कार्मेल स्कूल के समीप विजयादशमी यानी मंगलवार की रात बाइक सवार दो बदमाशों ने होमगार्ड जवान के बेटे अमरजीत कुमार यादव (33) पर ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी।

इस दौरान एक गोली उसके कंधे के पास लगी, जबकि दूसरी गोली सिर के पास से निकल गई। घटना के बाद घायल किसी तरह घर पहुंचा और परिजनों को जानकारी दी।

होटल में खाना खाने जा रहा था युवक, तभी हुई फायरिंग

घायल अमरजीत कुमार यादव मौलाबाग वार्ड संख्या 13 निवासी होमगार्ड जवान संजय यादव का पुत्र है। उसके पिता आरा नगर निगम में वाहन चलाते हैं।

अमरजीत के अनुसार, मंगलवार की रात वह बाइक से होटल में खाना खाने जा रहा था। इसी दौरान डीके कार्मेल स्कूल के पास स्प्लेंडर बाइक सवार दो हथियारबंद बदमाश पहुंचे और उस पर गोलियां चलाने लगे।

गोली लगने के बाद वह किसी तरह वहां से निकलकर घर पहुंचा। इसके बाद परिजन उसे आरा सदर अस्पताल ले गए, जहां उसका इलाज चल रहा है।

आदर्श हत्याकांड से जुड़ रहा हमले का मामला

प्रारंभिक जांच में इस घटना को करीब सात महीने पहले हुए आदर्श कुमार हत्याकांड से जोड़कर देखा जा रहा है। घायल ने पुलिस को बताया कि पुराने मामले के बाद से उसे और उसके भाइयों को धमकियां मिल रही थीं।

उसने आशंका जताई कि इसी विवाद के कारण उस पर हमला किया गया है। हालांकि, हमले के पीछे की वास्तविक वजह की पुष्टि जांच पूरी होने के बाद ही हो सकेगी।

आदर्श हत्याकांड में अमरजीत और उसके भाई थे नामजद

जानकारी के अनुसार, 2 मार्च 2026 को मौलाबाग मोहल्ले में बिहिया थाना क्षेत्र के झौआ गांव निवासी 17 वर्षीय आदर्श कुमार की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी।

इस मामले में आदर्श की मां अनुराधा देवी के बयान पर अमरजीत यादव, उसके भाइयों नवनीत यादव उर्फ लोहा यादव और मंजीत यादव समेत छह लोगों को नामजद आरोपित बनाया गया था।

अमरजीत का कहना है कि उसके परिवार का हत्या में कोई हाथ नहीं था और उन्हें झूठे मामले में फंसाया गया है। उसका भाई लोहा यादव फिलहाल जेल में है।

इंस्टाग्राम ग्रुप कॉलिंग के दौरान हुआ था विवाद

आदर्श हत्याकांड की प्राथमिकी के मुताबिक, इंस्टाग्राम पर ग्रुप कॉलिंग के दौरान आदर्श और नवनीत यादव उर्फ लोहा यादव के बीच विवाद हुआ था।

इस दौरान दोनों के बीच गाली-गलौज भी हुई थी। इसके बाद आदर्श को गोली मार दी गई थी, जिससे उसकी मौत हो गई। अब इस मामले के करीब सात महीने बाद अमरजीत पर हुए हमले ने पुराने विवाद को फिर चर्चा में ला दिया है।

पुलिस कर रही छापेमारी, प्रतिशोध की आशंका

घटना की सूचना मिलने के बाद सदर एसडीपीओ-1 सुशील कुमार आरा सदर अस्पताल पहुंचे और घायल से पूछताछ की। पुलिस के अनुसार, अमरजीत ने पुराने हत्याकांड के प्रतिशोध में गोली मारे जाने की आशंका जताई है और दो लोगों पर संदेह व्यक्त किया है।

आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है। पुलिस मामले के सभी पहलुओं की जांच कर रही है। फिलहाल हमले की वजह और इसमें शामिल लोगों की भूमिका की आधिकारिक पुष्टि होना बाकी है।