जहां था ऊंचा पहाड़ वहां बन गई 300 फीट गहरी खाई, कारण जान हो जाएंगे हैरान
बिहार के गया में पत्थर माफिया की बड़ी करतूत सामने आई है। उन्होंने एक पहाड़ी काे अवैध खनन कर खाई में तब्दील कर दिया। अब पटना हाईकोर्ट ने मामले का संज्ञान लिया है।
पटना [राज्य ब्यूरो]। क्या करीब 130 फीट ऊंचे पहाड़ की जगह तीन सौ फीट गहरी खाई बनाई जा सकती है? वह भी बिना अनुमति व बिना अनुमति के और पुलिस को जानकारी तक न मिले। आपको असश्चर्य होगा, लेकिन ऐसा ही हुआ है बिहार के गया जिले में। खनन माफिया की इस खतरनाक करतूत का संज्ञान अब पटना हाईकोर्ट ने लिया है।
गया जिले के गेरे मिर्जापुर पहाड़ 130 फीट ऊंचा हुआ करता था। अब यहां 300 फीट गहरी खाई है। लीज के समय राज्य सरकार ने केवल 12 एकड़ भूमि से पत्थर निकालने के लिए अनुमति दी थी। खनन माफिया ने 150 एकड़ भूमि से पत्थर निकालना शुरू कर दिया। फिलहाल स्थानीय लोगों की नींद हराम हो गई है। यहां रात दिन धमाके होते रहते हैं। हमेशा खतरा बना रहता है। प्रकृति के साथ खिलवाड़ हो रहा है।
इसका परिणाम यह हुआ है कि वहां पहाड़ से खाई बन गई है। जब स्थानीय लोंगों का सब्र जवाब देने लगा तो उन्होंने पटना हाईकोर्ट में लोकहित याचिका दायर की। इसपर मंगलवार को मुख्य न्यायाधीश एपी शाही की दो सदस्यीय खंडपीठ ने खनन एवं भूतत्व विभाग के एडिशनल डायरेक्टर को एक महीने के भीतर वस्तुस्थिति से अवगत कराने का निर्देश दिया। खंडपीठ ने संबंधित पक्षोंं को विस्तार से हलफनामा दायर करने का निर्देश दिया।