समय रहते सचेत हो जायें हिन्दू, नहीं तो पाकिस्तान जैसा होगा हाल: गिरिराज
केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह ने कहा कि समय रहते अगर हिन्दू सचेत नहीं होते हैं, तो पाकिस्तान में जो हाल हिंदुओं का है, 25 साल बाद भारत में भी हो जाएगा।
गोपालगंज [जेएनएन]। केंद्रीय सूक्ष्म, लघु एवं भारी उद्योग राज्य मंत्री गिरिराज सिंह ने कहा कि समय रहते अगर हिन्दू सचेत नहीं होते हैं, तो पाकिस्तान में जो हाल हिंदुओं का है, वही 25 साल बाद भारत में भी हो जाएगा। देश में सामाजिक समरसता के लिए जनसंख्या नियंत्रण कानून लाना जरूरी है। आज चीन में प्रति मिनट 11 बच्चे पैदा हो रहे हैं। जबकि भारत में प्रति मिनट 29 बच्चे जन्म लेते हैं। इसके लिए एक कानून की जरूरत है।
गोपालगंज के दानापुर में 13 करोड़ से बने वेयर हाउस के उद्घाटन के दौरान केंद्रीय मंत्री ने कहा कि देश में जहां-जहां हिंदुओं की जनसंख्या कम है, वहां सामाजिक समरसता को चोट पहुंची है। पिछले 70 सालों से कांग्रेस ने देश पर अत्याचार करने का कार्य किया है। हज सब्सिडी खत्म करने के सवाल पर उन्होंने कहा पहले वोट की राजनीति के चलते इसे समाप्त नहीं किया जा रहा था। अब सब्सिडी का 700 करोड़ रुपया अल्पसंख्यक बच्चियों की शिक्षा पर खर्च होगा।
मदरसा शिक्षा पर उन्होंने कहा कि मदरसा में शिक्षा के नाम पर कट्टरपंथी बनाने पर मौलवी जोर देते हैं। सिद्धरमैया द्वारा अपने को पांडव बताने के सवाल पर उन्होंने कहा कि सिद्धरमैया नौटंकी के पात्र हैं। उनमें हिम्मत है तो राहुल गांधी के साथ राम जन्मभूमि के लिए आगे बढ़ें। वहीं बिहार में आपराधिक घटनाएं बढऩे के सवाल पर कहा कि मुख्यमंत्री इस बारे में अधिकारियों को चेतावनी दे चुके हैं। लालू प्रसाद पर तंज कसते हुए कहा कि अब वे जेल में दही-चूड़ा खा रहे हैं ।
वहीं हकाम गांव में संस्कार सुधा अंतरराष्ट्रीय न्यास के तत्वाधान में श्री लक्ष्मी नारायण महायज्ञ के भूमि पूजन एवं ध्वजारोहण कार्यक्रम में उन्होंने कहा कि देश के 54 जिलों में हिंदुओं की आबादी कम हो गई है। समय रहते अगर हिन्दू सचेत नहीं होते हैं, तो पाकिस्तान में जो हाल हिंदुओं का है, वही 25 साल बाद भारत में भी हो जाएगा। भारत की संस्कृति को बचाना है, तो हमें कसम खाना होगा कि आज के बाद घर में मोमबती जलाकर नहीं बल्कि मंदिर में दीप जलाकर बच्चे का जन्मदिन मनाया जाएगा।
केंद्रीय मंत्री ने कहा कि हिन्दुओं को जाति और गोत्र से ऊपर उठना होगा, तभी सनातन धर्म और हिंदुत्व बचेगा। किसी राजनीतिक दल का नाम लिए बगैर चुटकी लेते हुए उन्होंने कहा कि रोहिंग्या मुसलमान पर आंसू बहाने वाले लोग भी हैं। ऐसे लोगों से बचना होगा।