पटना का तापमान पांच डिग्री बढ़ा, 26 को हो सकती बारिश
पटना। राजधानी पटना और आसपास के इलाकों में शनिवार की तुलना में रविवार को तापमान में पांच डिग्री बढ़ गया।
पटना। राजधानी पटना और आसपास के इलाकों में शनिवार की तुलना में रविवार को तापमान में पांच डिग्री सेल्सियस वृद्धि हुई। हवा में नमी की मात्रा कम रही। इससे लोगों को उमस भरी गर्मी से परेशान होना पड़ा। मौसम विभाग के अनुसार रविवार को मानसून सिर्फ बिहार के दक्षिण-पश्चिम और उत्तर-पश्चिम क्षेत्र में मामूली रूप से सक्रिय रहा, जहां हल्की बारिश हुई। विभाग का पूर्वानुमान है कि सोमवार को बिहार में मानसून के बादल छाए रहेंगे। कुछ जगहों पर बूंदाबांदी हो सकती है। जबकि 26 जून को झमाझम बारिश होने की संभावना है।
पटना में रविवार को अधिकतम तापमान पांच डिग्री बढ़ोतरी के साथ 37.2 डिग्री और न्यूनतम तापमान 27 डिग्री सेल्सियस पर पहुंच गया। हवा में नमी की मात्रा घटकर 51 फीसद पहुंचने के कारण उमस भरी गर्मी का अहसास हुआ। वहीं गया का अधिकतम तापमान बढ़कर 38.7 डिग्री और न्यूनतम तापमान 26.2 डिग्री सेल्सियस रहा। भागलपुर का अधिकतम तापमान 38.8 डिग्री और न्यूनतम तापमान 26.7 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। पूर्णिया का अधिकतम तापमान 36.6 डिग्री और न्यूनतम 27.2 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया।
मौसम विभाग के अनुसार मानसून पूर्वी और मध्य बिहार में कमजोर पड़ गया है। पूर्वी उत्तर प्रदेश में मानसून के सक्रिय होने के कारण बिहार के पश्चिमी हिस्से में बारिश हो रही है। रविवार को रामनगर में 10 एमएम, भभुआ में 8 एमएम, बक्सर में 7 एमएम, बगहा में 6 एमएम और शेरघाटी में 5 एमएम वर्षा रिकॉर्ड की गई। जबकि पटना, गया, भागलपुर और पूर्णिया में मानसून के बादल छाए रहे। मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार अब प्रदेश में कुछ दिनों बाद अनुकूल वातावरण मिलने पर मानसून के सक्रिय होने के आसार हैं।
लोकसभा चुनाव और क्रिकेट से संबंधित अपडेट पाने के लिए डाउनलोड करें जागरण एप