दिनभर बरसे बादल, पटना में किशोर की मौत तो सिवान में तीन बच्चे दीवार के नीचे दबे
भारी बारिश राहत के साथ आफत भी लेकर आई है। राज्य में कई दुर्घटनाओं में लोगों की मरने की खबर है। सिवान में जर्जर दीवार गिरने से तीन बच्चों की हालत गंभीर बनी हुई है।
पटना, जेएनएन। पटना में लगातार छह दिनों से हो रही बारिश के बीच गुरुवार को पानी रुकने का नाम नहीं ले रहा। देर रात से शुरू हुई तेज बारिश के बाद सुबह-सुबह बादल एक बार फिर बरसने लगे। बारिश तो कई दिनों से जारी थी पर गुरुवार को शाम तक पानी नहीं रुका। इधर, सिवान में पानी-पानी होने से एक जर्जर भवन की दीवार गिर गई। इसकी चपेट में तीन बच्चे आ गए। इसमें एक की स्थिति गंभीर बनी हुई है।
मौसम में बदलाव से पटना का पारा 28 डिग्री सेल्सियस पर पहुंच गया। बारिश के बाद बादलों के साये और ठंडी हवा से लोग घरों से निकलकर मौसम का लुत्फ उठा रहे हैं। भोर में हुई बरसात के बाद सड़कों पर उड़ती धूल की बजाए सोंधी महक आ रही है।
पटना में किशोर की मौत, सिवान में बच्चे दबे
बारिश का कहर गुरुवार को राज्य के कई स्थानों पर देखने को मिला। पटना के नौबतपुर के खैरा में तेज बारिश से झोपड़ीनुमा घर गिर गया। इस दौरान नीरज कुमार (17) की दबने से मौत हो गई। घटना के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। इसी तरह एक घटना सिवान में हुई। दरौली के मुख्य बाजार में जर्जर भवन की दीवार गिर गई। इसमें तीन बच्चे गंभीर रूप से घायल हो गए। जिन्हें दरौली पीएचसी में इलाज के लिए भर्ती कराया गया। जहां हालत गंभीर देखते हुए उन्हें सदर अस्पताल रेफर कर दिया गया। हादसे में एक बच्चे की हालत गंभीर बनी हुई है।