बाहुबली विधायक अनंत सिंह बीमार, इलाज के लिए बेऊर जेल से ले जाए गए PMCH
बाहुबली विधायक अनंत सिंह अभी बीमार चल रहे हैं। उन्हें सर्वाइकल पेन है। बताया जाता है कि बुधवार को उन्हें पटना के पीएमसीएच में सुरक्षा के बीच इलाज के लिए ले जाया गया।
पटना, जेएनएन। बाहुबली विधायक अनंत सिंह अभी बीमार चल रहे हैं। उन्हें सर्वाइकल पेन है। बताया जाता है कि बुधवार को उन्हें पटना के पीएमसीएच में इलाज के लिए ले जाया गया। इस दौरान पुलिस की सुरक्षा पूरी तरह टाइट थी। बताया जाता है कि इलाज के बाद उन्हें बेऊर जेल ले जाया गया। बता दें कि इन दिनों अनंत सिंह के पैतृक घर से एके 47 समेत अन्य आर्म्स बरामदगी मामले में कोर्ट के अादेश पर बेऊर जेल में बंद हैं।
बताया जाता है कि एके 47 समेत अन्य हथियारों की बाढ़ स्थित पैतृक घर से बरामदगी के मामले में बेऊर जेल में बंद मोकामा विधायक अनंत सिंह इन दिनों सर्वाकल पेन से ग्रस्त हैं। इसे लेकर आज कड़ी सुरक्षा के बीच इलाज के लिए पीएमसीएच ले जाया गया। हालांकि, पीएमसीएच में उन्हें ओपीडी में ही दिखाया गया। जांच के बाद उन्हें जेल ले जाया गया।
जानकारी के अनुसार, अनंत सिंह को 15 दिन पहले भी पीएमसीएच लाया गया था। उन्होंने पीठ दर्द की शिकायत की थी। उस समय डॉक्टरों ने जांच के बाद दवाएं दी थीं। कहा गया था कि 15 दिन के बाद एक बार फिर वे पीएमसीएच आकर दिखला लें। इसी के तहत बुधवार को डॉक्टरों से उन्हें दिखाया गया। सूत्रों की मानें तो अनंत सिंह को सर्वाइकल पेन के साथ पीठ दर्द की शिकायत है।
गौरतलब है कि पिछले साल ही मोकामा विधायक अनंत सिंह के बाढ़ के लदमा स्थित पैतृक घर पर पुलिस की जबर्दस्त छापेमारी हुई थी। छापेमारी में उनके घर से प्रतिबंधित हथियार एके 47 बरामद किया गया था। इसके बाद वे फरार हो गए थे। बाद में दिल्ली के पटियाला कोर्ट में जाकर अनंत सिंह ने सरेंडर किया था। कोर्ट से मिली ट्रांजिट रिमांड के बाद अनंत सिंह को बिहार लाया गया था। फिलहाल उन्हें बेऊर जेल में रखा गया है।