Hanuman Jayanti: पटना के महावीर मंदिर में हाईटेक इंतजाम, श्रद्धालुओं की भीड़ संभालने को AI मशीन तक तैनात
हनुमान जयंती पर पटना के महावीर मंदिर में श्रद्धालुओं का सैलाब उमड़ पड़ा है। भीड़ प्रबंधन के लिए बेंगलुरु से ...और पढ़ें

पटना के महावीर मंदिर
डिजिटल डेस्क, पटना। चैत्र पूर्णिमा के पावन अवसर पर हनुमान जयंती मनाई जा रही है। पटना के महावीर मंदिर में सुबह से ही श्रद्धालुओं का सैलाब उमड़ पड़ा है। दर्शन-पूजन के लिए लंबी कतारें लगी हुई हैं। भक्त हनुमान जी को नवैद्धम और लड्डू का भोग लगा रहे हैं।
पूरे मंदिर परिसर में भक्ति और उत्साह का माहौल है। हर ओर जय श्रीराम और बजरंगबली के जयकारे गूंज रहे हैं।

फूलों से सजा दरबार, खास बनी धार्मिक भव्यता
मंदिर को आकर्षक फूलों से सजाया गया है। महावीर जी का दरबार बेहद भव्य और दिव्य नजर आ रहा है। श्रद्धालु सजावट को देख मंत्रमुग्ध हो रहे हैं।
पूजा-अर्चना के लिए विशेष व्यवस्थाएं की गई हैं। त्योहार को लेकर मंदिर प्रशासन पूरी तरह सक्रिय है। भक्तों के लिए अलग-अलग प्रवेश और निकास मार्ग बनाए गए हैं।

भीड़ प्रबंधन में टेक्नोलॉजी की एंट्री
इस बार मंदिर में हाईटेक व्यवस्था भी देखने को मिल रही है। श्रद्धालुओं की संख्या गिनने के लिए आधुनिक मशीन लगाई गई है। यह मशीन खासतौर पर बेंगलुरु से मंगाई गई है।
मशीन के जरिए रियल टाइम में भीड़ का आंकड़ा मिल रहा है। इससे भीड़ नियंत्रण में प्रशासन को मदद मिल रही है। यह प्रयोग मंदिर प्रबंधन के लिए नया और खास है।
सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम, हर तरफ नजर
भीड़ को देखते हुए सुरक्षा व्यवस्था कड़ी की गई है। सरकारी और निजी सुरक्षा बलों की संख्या बढ़ाई गई है। मंदिर परिसर में हर गतिविधि पर नजर रखी जा रही है।
सीसीटीवी और सुरक्षा कर्मी लगातार मॉनिटरिंग कर रहे हैं। श्रद्धालुओं की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता दी गई है। प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड में है।
गर्मी से राहत के लिए खास इंतजाम
श्रद्धालुओं को गर्मी से राहत देने के लिए खास व्यवस्था की गई है। मंदिर में 80 टन क्षमता का एसी प्लांट लगाया गया है। भीड़ के बावजूद अंदर का माहौल संतुलित रखा जा रहा है।
पेयजल और अन्य सुविधाओं का भी ध्यान रखा गया है। लंबी कतारों में लगे लोगों को राहत मिल रही है। प्रबंधन ने सुविधा और श्रद्धा का संतुलन बनाए रखा है।
चैत्र पूर्णिमा का धार्मिक महत्व
आचार्य राकेश झा के अनुसार चैत्र पूर्णिमा का विशेष महत्व है। इसे हिन्दू नववर्ष की पहली पूर्णिमा माना जाता है। आज हस्त नक्षत्र शाम 4:35 बजे तक प्रभावी है।
इसके बाद चित्र नक्षत्र का संयोग रहेगा। दोपहर 1:31 बजे तक ध्रुव योग, फिर व्याघात योग रहेगा। उदयातिथि के अनुसार पूरे दिन पूर्णिमा का प्रभाव रहेगा।
