उपचुनाव: जहानाबाद सीट के लिए उम्मीदवार चुनेंगे मांझी
हिंदुस्तानी अवाम मोर्चा ने जहानाबाद सीट पर दावा करते हुए प्रत्याशी चयन के लिए पार्टी सुप्रीमाे जीतनराम मांझी को अधिकृत कर दिया है। हालांकि, राजग में सीटों को लेकर जिच कायम है।
पटना [जेएनएन]। बिहार में लोकसभा की एक तथा विधानसभा की दो सीटों पर उपचुनाव में विपक्षी महागठबंधन की रार तो समाने आ ही चुकी है, अब सत्ताधारी राजग में भी तकरार सतह पर है। अभी राजग के घटक दलों के बीच सीट बंटवारे का कोई फॉर्मूला तय भी पहीं हुआ है कि हिंदुस्तानी अवाम मोर्चा (से.) के कोर ग्रुप ने जहानाबाद विधानसभा उपचुनाव में पार्टी के प्रत्याशी के चयन के लिए पूर्व मुख्यमंत्री जीतन राम मांझी को अधिकृत कर दिया है।
बुधवार को जीतन राम मांझी के सरकारी आवास पर हुई 'हम' कोर ग्रुप की बैठक में जहानाबाद से पार्टी प्रत्याशी के चयन का दायित्व पूर्व मुख्यमंत्री व पार्टी अध्यक्ष मांझी को सौंप दिया गया। इसकी जानकारी देते हुए पार्टी प्रवक्ता डॉ. दानिश रिजवान ने बताया कि कोर ग्रुप के सदस्यों ने पार्टी अध्यक्ष से अनुरोध किया कि यह सीट 'हम' के खाते में आनी चाहिए, क्योंकि बिहार के साथ-साथ केंद्र में भी राजग की सरकार है, पर पार्टी को न तो केंद्र और न ही बिहार की सत्ता में भागीदारी दी गई है।
जहानाबाद की सीट पर रालोसपा ने भी दावेदारी ठोंकी है। जीतनराम मांझी का भी दावा है कि यहां 'हम' के अलावा और कोई जीत ही नहीं सकता। सूत्र बताते हैं कि यह सीट जीतनराम मांझी की पार्टी को मिल सकती है।
इसे दबाव की राजनीति कहें या राजद से बढ़ती नजदीकियां, रालोसपा कई अवसरों पर राज्य में राजग से अलग दिखी है। रालोसपा सुप्रीमो व केंद्रीय मंत्री उपेंद्र कुशवाहा बिहार की शिक्षा व्यवस्था को दुरुस्त करने के लिए हाल ही में मानव श्रृंखला बनाते नजर आए थे। उनके इस कार्यक्रम से भाजपा व जदयू के चेहरे नदारद रहे, जबकि राजद के कई बड़े चेहरे साथ नजर आए थे। तब राज्य के शिक्षामंत्री ने कुशवाहा की आलोचना की थी। जीतनराम के बदलते बयानों को लेकर भी केंद्र की पीएम मोदी तथा प्रदेश की नीतीश सरकार परेशान रहती है।
राजद गकी यह खींचतान उपचुनाव को लेकर बड़ गई है। भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष नित्यानंद राय राजग में सीट बंटवारे को लेकर राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह से मिल चुके हैं। सूत्र बताते हैं कि उस मुलाकात में राजग की स्थिति तथा उपचुनाव को लेकर गहन मंथन किया गया। इसके पहले भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष नित्यानंद राय ने मांझी से भी मुलाकात कर डैमेज कंट्रोल की कोशिश की थी।
भाजपा के लिए मुसीबत यह है कि वह सहयोगियों की जिद के आगे यह तय नहीं कर पा रही कि किन सीटों के लिए दावा करे। हालांकि, स्वास्थ्यमंत्री और भाजपा नेता मंगल पांडे ने दो सीटों पर दावेदारी की है, पर पार्टी का कोई आधिकारिक बयान नहीं आया है।