Video: JEE Advanced की गर्ल्स कैटेगरी में गुवाहाटी जोन टॉपर आकृति को पसंद है कंप्यूटर साइंस
JEE Advanced Result 2019 में गुवाहाटी जोन का रिजल्ट आ गया है। गुवाहाटी जाेन में ही बिहार आता है। इसकी गर्ल्स कैटेगरी में पटना की आकृति ने टॉप किया है। जानें क्या कहती हैं आकृति।
पटना, जेएनएन। JEE Advanced Result 2019 में गुवाहाटी जोन का रिजल्ट आ गया है। गुवाहाटी जाेन में ही बिहार आता है। इसकी गर्ल्स कैटेगरी में पटना की आकृति ने टॉप किया है। गर्ल्स कैटेगरी में टॉप करनेवाली आकृति कंप्यूटर साइंस के क्षेत्र में जाना चाहती हैं। उनकी इस सफलता में मम्मी, पापा, दादा के अलावा बड़े भाई का सपोर्ट मिला। आकृति के बड़े भाई भी इंजीनियरिंग के क्षेत्र में हैं। खास बात कि सोशल मीडिया से आकृति काफी दूर रही थीं। हां, पढ़ने के लिए यू ट्यूब का यूज करती थीं।
सात से आठ घंटे की नियमित पढ़ाई
गुवाहाटी जोन में छात्रा वर्ग में प्रथम स्थान प्राप्त करने वाली आकृति ने अपनी सफलता का राज नियमित रूप से सात से आठ घंटे की पढ़ाई को बताया। उसने कहा कि मेहनत का कोई शॉर्टकट नहीं होता। नियमित मेहनत से सफलता सुनिश्चित है। उसने बताया कि पढ़ाई के लिए खुद को मोबाइल और सोशल मीडिया से दूर रखा। मोबाइल व सोशल मीडिया का जरूरत के अनुसार ही इस्तेमाल करती है। यूट्यूब पर कोर्स से संबंधित वीडियो सर्च करती थी।
10वीं की पढ़ाई नोट्रेडेम एकेडमी से
आकृति ने 10वीं की पढ़ाई नोट्रेडम एकेडमी और 12वीं की कृष्णा पब्लिक स्कूल से की। उसने बताया कि नौवीं से ही आइआइटी में नामांकन का लक्ष्य निर्धारित कर लिया था। लक्ष्य पर फोकस रहने के कारण ही उसे सफलता मिली है। जेईई में बेहतर रैंक प्राप्त करना कठिन है, लेकिन फोकस रहकर तैयारी की जाए तो सफलता जरूर मिलती है।
बोले पिता- बेटी ने किया गौरवान्वित
आकृति के पिता ब्रजेश कुमार ने बताया कि बेटी की मेहनत देखकर सफलता को लेकर सुनिश्चित थे। इंजीनियरिंग के अलावा उसने एनटीएसई, केवीपीवाई, ओलंपियाड में मेडल लिए हंै। आकृति आइआइटी बॉम्बे से कंप्यूटर साइंस की पढ़ाई करना चाहती है। उनका बड़ा भाई अपूर्व अभी आइआइटी गुवाहाटी से पढ़ाई कर रहा है, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस पर रिसर्च के लिए दक्षिण कोरिया गया है। आकृति भी आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस और रोबोटिक्स पर काम करना चाहती है।
गुवाहाटी जाेन के टॉप 5 की लिस्ट
- प्रदीप्ता पराग बोरा- 28वीं रैंक
- अकूब नवाज- 77वीं रैंक
- पवन कुमार- 259वीं रैंक
- विवेक चौधरी- 474वीं रैंक
- अमन कुमार- 525वीं रैंक
लोकसभा चुनाव और क्रिकेट से संबंधित अपडेट पाने के लिए डाउनलोड करें जागरण एप