'सतगुरु नानक प्रगटिया, मिटी धुंध जग चानन होया...', पटना साहिब में गूंजे गुरु नानक के संदेश; कीर्तन-प्रवचन और लंगर से निहाल हुई संगत
गुरु नानक देव का 558वां प्रकाशोत्सव तख्त श्री हरिमंदिर जी पटना साहिब में श्रद्धा और उल्लास के साथ मनाया गया। इस अवसर पर शबद कीर्तन, कथा, प्रवचन और लंगर का आयोजन हुआ, जिसमें गुरु नानक के मानवता और समानता के संदेश गूंजे।
HighLights
पटना साहिब में गुरु नानक का 558वां प्रकाशोत्सव मनाया गया।
शबद कीर्तन, कथा और लंगर से संगत हुई निहाल।
गुरु नानक के मानवता और समानता के संदेश गूंजे।
जागरण संवाददाता, पटना सिटी(पटना)। 'सतगुरु नानक प्रगटिया, मिटी धुंध जग चानन होआ...' यानी गुरु नानक के प्रकट होने से अज्ञान का अंधकार मिटा और संसार में ज्ञान का प्रकाश फैला। इसी आध्यात्मिक संदेश के साथ मंगलवार को तख्त श्री हरिमंदिर जी पटना साहिब में गुरु नानक देव का 558वां प्रकाशोत्सव श्रद्धा और उल्लास के साथ मनाया गया।
दरबार साहिब में सजे विशेष दीवान में शबद कीर्तन, कथा और प्रवचन से पूरा वातावरण भक्तिमय हो उठा। देश-दुनिया को मानवता, समानता और प्रेम का संदेश देने वाले प्रथम गुरु को संगत ने श्रद्धापूर्वक नमन किया। इस अवसर पर लंगर का भी आयोजन हुआ।
गुरु नानक की वाणी में छिपा है पूरी दुनिया की खुशहाली का संदेश
दरबार साहिब में हुजूरी रागी जत्था के कथावाचक चरणजीत सिंह ने कहा कि सिख पंथ के प्रथम गुरु नानक देव ने मानवता को एक सूत्र में पिरोने का काम किया। उन्होंने धर्म और मजहब की सीमाओं से ऊपर उठकर इंसानियत को सर्वोपरि बताया।
गुरु जी का जीवन आज भी समाज को सही दिशा दिखाता है। उनके विचारों में प्रेम, सेवा, समानता और भाईचारे की भावना समाहित है। गुरु नानक देव का संदेश केवल किसी एक समुदाय के लिए नहीं, बल्कि पूरी मानवता के कल्याण के लिए है।
'नानक नाम चढ़दी कला, तेरे भाणे सरबत का भला' से दिया विश्व कल्याण का संदेश
कथावाचक ज्ञानी दलजीत सिंह ने गुरु नानक देव के जीवन और उनकी शिक्षाओं पर प्रकाश डाला। उन्होंने बताया कि कार्तिक पूर्णिमा, विक्रमी संवत 1526 यानी 1469 ईस्वी में ननकाना साहिब में पिता मेहता कालू और माता तृप्ता जी के घर गुरु नानक देव का अवतरण हुआ था।
भाई गुरदास की प्रसिद्ध उक्ति 'सतगुरु नानक प्रगटिया, मिटी धुंध जग चानन होआ' उनके महान व्यक्तित्व और विचारों को दर्शाती है। गुरु जी ने समाज से अज्ञान, अहंकार और भेदभाव मिटाकर ज्ञान और सद्भाव का प्रकाश फैलाया।
जाति-पाति, छुआछूत और ऊंच-नीच के खिलाफ उठाई आवाज
ज्ञानी दलजीत सिंह ने कहा कि गुरु नानक देव ने समाज में व्याप्त जातिगत भेदभाव, छुआछूत, ऊंच-नीच और अंधविश्वास का विरोध किया। उन्होंने लोगों को समानता और परस्पर सम्मान के साथ जीवन जीने की प्रेरणा दी।
गुरु जी ने ठगों को सदाचारी, अहंकारियों को विनम्र और शोषण करने वालों को परोपकारी बनने का रास्ता दिखाया। उनकी शिक्षाएं आज भी सामाजिक एकता और सद्भाव के लिए प्रासंगिक हैं। विश्व शांति के लिए दरबार साहिब में विशेष अरदास भी की गई।
पटना सिटी से भी जुड़ी है गुरु नानक देव की ऐतिहासिक यात्रा
प्रकाशोत्सव के दौरान कथा में गुरु नानक देव की बिहार यात्रा का भी उल्लेख हुआ। ज्ञानी चरणजीत सिंह ने बताया कि गुरु जी ने देश के विभिन्न हिस्सों में यात्राएं कर लोगों को अंधविश्वास और पाखंड से दूर रहने का संदेश दिया था।
इसी क्रम में वे पटना भी पहुंचे थे। पटना सिटी के गायघाट गुरुद्वारा और आसपास के क्षेत्रों से उनका ऐतिहासिक जुड़ाव रहा है। उनकी यात्राओं के दौरान बिहार में भी बड़ी संगत और छोटी संगत की स्थापना हुई। यह जुड़ाव पटना साहिब की धार्मिक और ऐतिहासिक पहचान को और विशेष बनाता है।
शबद कीर्तन ने बांधा समां, गुरु की वाणी में डूबी संगत
दिन में सजे विशेष दीवान में भाई हरजीत सिंह, विक्रम सिंह, गुरदीप सिंह और गुरमेल सिंह समेत विभिन्न रागी जत्थों ने शबद कीर्तन प्रस्तुत किया। गुरु नानक देव की वाणी और भक्ति संगीत से संगत भावविभोर हो उठी।
वक्ताओं ने गुरु जी के जीवन दर्शन और उनकी शिक्षाओं पर प्रकाश डाला। सुबह से ही श्रद्धालुओं के पहुंचने का सिलसिला जारी रहा। संगत ने गुरुघर में मत्था टेककर गुरु का आशीर्वाद लिया।
विशिष्ट लोगों ने टेका मत्था, शाम को भी सजेगा कीर्तन दरबार
प्रकाशोत्सव पर प्रबंधक समिति के अध्यक्ष सरदार जगजोत सिंह सोही, महासचिव सरदार इंद्रजीत सिंह, सचिव सरदार हरवंश सिंह, अधीक्षक सरदार दलजीत सिंह और पूर्व महासचिव सरदार सरजिंदर सिंह समेत कई विशिष्ट लोगों ने दरबार साहिब में मत्था टेका। दिन में हुकूम के बाद शस्त्रों के दर्शन कराए गए और दीवान की समाप्ति हुई।
शाम को भजन-कीर्तन और रात में गुरु नानक देव के प्रकाशोत्सव का आयोजन किया गया। पूरे आयोजन में गुरु की वाणी, सेवा और मानवता का संदेश प्रमुखता से गूंजता रहा।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।