विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

होटल की आड़ में चल रहा था देह व्यापार, पटना में गेस्ट हाउस संचालक समेत 16 लोग गिरफ्तार

Published: Wed, 07 Oct 2026 11:41 AM (IST)

नौबतपुर के शांति गेस्ट हाउस में पुलिस ने छापेमारी कर देह व्यापार का भंडाफोड़ किया। गेस्ट हाउस संचालक समेत 16 ...और पढ़ें

गेस्ट हाउस संचालक समेत 16 लोग गिरफ्तार

गेस्ट हाउस संचालक समेत 16 लोग गिरफ्तार

HighLights

  1. नौबतपुर के शांति गेस्ट हाउस में पुलिस की छापेमारी।

  2. देह व्यापार के आरोप में 16 लोग हिरासत में लिए गए।

  3. हिरासत में आठ युवतियां और गेस्ट हाउस संचालक शामिल।

संवाद सूत्र, नौबतपुर। बिहटा-सरमेरा पथ स्थित शांति गेस्ट हाउस में मंगलवार दोपहर पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर छापेमारी कर आठ युवतियों समेत 16 लोगों को हिरासत में लिया। हिरासत में लिए गए लोगों में गेस्ट हाउस संचालक समेत आठ पुरुष शामिल हैं। पुलिस के अनुसार, पकड़ी गई युवतियों में तीन किशोरियां भी हैं। 

गेस्ट हाउस में लंबे समय से होटल की आड़ में अनैतिक देह व्यापार संचालित किए जाने की सूचना पुलिस को मिल रही थी। इसके बाद नौबतपुर थाने की पुलिस ने विशेष टीम गठित कर कार्रवाई की।

हिरासत में लेकर थाने लाया और पूछताछ शुरू

छापेमारी के दौरान पुलिस टीम ने गेस्ट हाउस के अलग-अलग कमरों से युवतियों और पुरुषों को संदिग्ध परिस्थितियों में पकड़ा। पुलिस ने सभी को हिरासत में लेकर थाने लाया और पूछताछ शुरू की।

प्रारंभिक पूछताछ में पुलिस को जानकारी मिली कि गेस्ट हाउस संचालक कथित तौर पर बाहर से युवतियों को बुलाता था और ग्राहकों से संपर्क कर उन्हें कमरे उपलब्ध कराता था। इसके एवज में ग्राहकों से मोटी रकम वसूले जाने की बात भी सामने आई है।

युवतियां अलग-अलग गांवों की रहने वाली

थानाध्यक्ष नंदन कुमार सिंह ने बताया कि हिरासत में ली गई युवतियां अलग-अलग गांवों की रहने वाली हैं। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है। गेस्ट हाउस संचालक की भूमिका समेत अन्य पहलुओं की भी पड़ताल की जा रही है। छापेमारी के दौरान मौके से कई आपत्तिजनक सामान, मोबाइल फोन और नकदी बरामद होने की जानकारी पुलिस ने दी है।

खबर भेजे जाने तक अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी, फुलवारीशरीफ-2 उमेश्वर चौधरी हिरासत में लिए गए युवक-युवतियों से पूछताछ कर रहे थे। पुलिस यह भी पता लगाने में जुटी है कि गेस्ट हाउस में यह गतिविधि कब से संचालित हो रही थी और इसमें अन्य कौन-कौन लोग शामिल हैं। कार्रवाई के बाद क्षेत्र के अन्य गेस्ट हाउस संचालकों में भी हड़कंप मचा हुआ है।

यह भी पढ़ें- पटना के हॉस्टल में नीट छात्रा की मौत मामले में CBI को नहीं मिले सबूत, पोक्सो कोर्ट में दाखिल की क्लोजर रिपोर्ट