गणतंत्र दिवस: राज्यपाल सत्यपाल मलिक ने गांधी मैदान में फहराया तिरंगा
गणतंत्र दिवस को लेकर पूरे बिहार में उत्साह का माहौल है। इस मौके पर राज्यपाल सत्यपाल मलिक पटना के गांधी मैदान में झंडा फहराया। पूरे बिहार में सुरक्षा को लेकर कड़े इंतजाम किए गए हैं।
पटना [जेएनएन]। पूरा देश में आज 69वां गणतंत्र दिवस मना रहा है। इस मौके पर बिहार के राज्यपाल सत्यपाल मलिक और मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने भी प्रदेशवासियों को बधाई दी है। अभूतपूर्व सुरक्षा व्यवस्था के बीच राज्यपाल सत्यपाल मलिक ने पटना के गांधी मैदान में परेड का निरीक्षण किया और झंडा फहराया। इस मौके पर सीएम नीतीश कुमार भी मौजूद रहे।
इस मौके पर राज्यपाल सत्य पाल मलिक ने प्रदेशवासियों को संबोधित किया। उनके संबोधन में सरकार के बाल विवाह, दहेज बंदी और शराबबंदी पर फोकस रहा। राज्यपाल ने सरकार के सात निश्चय की उपलब्धिया भी गिनाईं।
गणतंत्र दिवस को लेकर गांधी मैदान के आसपास की सभी ऊंची इमारतों पर सुरक्षाकर्मी दूरबीन के साथ मुस्तैद किए गए थे। दंडाधिकारी, पुलिस अधिकारी और महिला और पुरुष बल सुबह छह बजे से प्रतिनियुक्ति स्थल पर तैनात थे। सीसीटीवी कैमरे से निगरानी हुई।
समारोह स्थल पर आने वाले सभी महिला-पुरुषों को गहन जांच के बाद प्रवेश दिया गया। पानी की बोतल ले जाने पर भी प्रतिबंध लगा दिया गया है। जिलाधिकारी कुमार रवि ने गुरुवार को गांधी मैदान एवं आसपास की सुरक्षा व्यवस्था एवं तैयारियों का जायजा लिया। जिलाधिकारी ने कहा कि सभी दृष्टिकोण से सुरक्षा की व्यवस्था कर ली गई है।
परेड की कमान मधुबनी जिले के ककरोल गांव के मूल निवासी व प्रशिक्षु आइपीएस अशोक मिश्रा के हाथों में है। परेड की तैयारी बिहार रेजिमेंट के सूबेदार शशिभूषण तिवारी के सहयोग से हुई।
निकली झांकी
इस मौके पर गांधी मैदान में आयोजित समारोह में 14 विभागों की झांकियां निकाली गई। झाकियों के माध्यम से बिहार की सांस्कृतिक झलक देखने को मिली। साथ ही इसमें मुख्यमंत्री के सात निश्चय योजना की झलक भी दिखी। ग्रामीण क्षेत्रों किस तरह से महिलायें सशक्त हो रही हैं और शराबबंदी के बाद सूबे में किस तरह से बदलाव हुआ है, यह भी देखने को मिला। बिहार शिक्षा परियोजना परिषद की झांकी अव्वल रही। दूसरे स्थान पर रहा उद्योग विभाग और तीसरा स्थान जीविका की झांकी रही।
दैनिक जागरण कार्यालय, पटना में फहराया गया झंडा
गणतंत्र दिवस के अवसर पर दैनिक जागरण कार्यालय, पटना में झंडा फहराया गया। इस मौके पर दैनिक जागरण के एसोसिएट एडिटर सदगुरू शरण अवस्थी, सीजेएम आनंद त्रिपाठी, संगिनी क्लब की अध्यक्ष मोनी त्रिपाठी सहित काफी संख्या में लोग मौजूद रहे।
लखीसराय में प्रभारी मंत्री श्रवण कुमार ने किया झंडोत्तोलन
बिहार के लखीसराय जिले के गांधी मैदान में जिले के प्रभारी मंत्री सह ग्रामीण विकास सह संसदीय कार्य मंत्री श्रवण कुमार ने मुख्य समारोह में झंडोत्तोलन किया। इस दौरान आठ टोली की मिलीजुली सलामी मंत्री ने ली। इससे पहले मंत्री श्री कुमार ने डीएम अमित कुमार एवं एसपी अरविंद ठाकुर के साथ परेड का निरीक्षण किया।
मधुबनी में प्रेम कुमार ने झंडा फहराया
मधुबनी में जिले के प्रभारी मंत्री प्रेम कुमार ने मुख्य समारोह में झंडोत्तोलन कर तिरंगे को सलामी दी। इस मौके पर उनके साथ जिलाधिकारी शीर्षत कपिल अशोक, एसपी दीपक बरनवाल सहित कई गणमान्य लोग मौजूद रहे।
नौ वीर सैनिकों का किया गया सम्मानित
गणतंत्र दिवस को लेकर गांधी मैदान में आयोजित मुख्य समारोह में राज्यपाल सत्य पाल मलिक नौ सैनिकों को राज्य सरकार की ओर से नकद पुरस्कार के साथ प्रशंसा पत्र दिया। उत्तम युद्ध सेवा मेडल प्राप्त बुद्धा कॉलोनी लेफ्टिनेंट जनरल अभय कृष्ण को नकद पुरस्कार के साथ प्रशंसा पत्र दिया गया।
इसके अलावा शौर्य चक्र विजेता लखीसराय के इंदुपुर बड़हिया निवासी कैप्टन आशुतोष कुमार, वायु सेना मेडल से सम्मानित पूर्वी चंपारण के सिरनी बाजार के मूल निवासी मुकेश कुमार तिवारी, सेना मेडल से सम्मानित पटना जिला के मनेर निवासी सिपाही अतुल कुमार, मेंशन इन डिस्पैचेज से अलंकृत पटना जिले के अगवानपुर के लेफ्टिनेंट कर्नल सुमित कुमार सिंह और अररिया जिला के बथनाहा निवासी मेजर आदर्श भारती को नकद पुरस्कार के साथ प्रशंसा पत्र दिया गया।
परम विशिष्ट सेवा मेडल से सम्मानित एयर मार्शल बिपिन बिहारी प्रसाद, अति विशिष्ट सेवा मेडल प्राप्त नवादा जिला के मिर्जापुर के लेफ्टिनेंट जनरल आशीष रंजन प्रसाद एवं समस्तीपुर के रुपौली निवासी विशिष्ट सेवा मेडल से सम्मानित कर्नल अमिताभ झा को भी नकद राशि के साथ प्रशंसा पत्र प्रदान किया गया।