बिहार: नए साल में पांच IAS व 23 IPS अधिकारियों का ट्रांसफर-प्रमोशन, जानिए
बिहार में नया साल कुछ प्रशासनिक व पुलिस अधिकारियों के लिए खास हो गया है। सरकार ने देर रात पांच आइएएस सहित छह प्रशासनिक तथा 23 आइपीएस अधिकारियों का ट्रांसफर व प्रमोशन कर दिया है।
पटना [जागरण टीम]। राज्य सरकार ने नए वर्ष की पूर्व संध्या पर भारतीय प्रशासनिक सेवा के पांच समेत छह प्रशासनिक अधिकारियों का तबादला कर दिया। अगले वर्ष में बेहतर प्रशासन के लिए पटना एवं गया जिले में नए डीएम की तैनाती की गई है। 23 आइपीएस अधिकारियों का भी तबादला किया गया।
इन आइएएस को मिली नई जिम्मेदारी
पटना के डीएम संजय कुमार अग्रवाल को प्रोन्नत करते हुए उन्हें परिवहन विभाग का सचिव बनाया गया है। उनकी जगह पर गया के डीएम कुमार रवि को पटना के डीएम पद की जिम्मेवारी दी गई है। पटना नगर निगम के आयुक्त अभिषेक सिंह को गया का जिलाधिकारी बनाया गया है। बिहार प्रशासनिक सुधार मिशन सोसायटी के अपर मिशन निदेशक प्रतिमा सतीश कुमार वर्मा को वाणिज्यकर आयुक्त की जिम्मेवारी दी गई है। उनके पास पूर्व का पद भी अतिरिक्त प्रभार के रूप में रहेगा।
श्रम संसाधन विभाग के विशेष सचिव पंकज कुमार पाल को मुंगेर प्रमंडल का आयुक्त बनाया गया है। बिहार प्रशासनिक सेवा के अधिकारी एवं पर्यटन विभाग के विशेष सचिव केशव रंजन प्रसाद को पटना नगर निगम में आयुक्त बनाया गया है।
कहां थे, कहां गए
- संजय अग्रवाल डीए (पटना) से सचिव (परिवहन विभाग) गए।
- प्रतिमा एसके वर्मा (अपर निदेशक, प्रशासनिक सुधार) से वाणिज्य कर आयुक्त।
- पंकज पाल (विशेष सचिव, श्रम संसाधन) से प्रमंडलीय आयुक्त (मुंगेर)
- कुमार रवि (डीएम, गया) से डीएम (पटना)
- अभिषेक सिंह (आयुक्त, पटना नगर निगम) से डीएम (गया)
- केशव रंजन प्रसाद (विशेष सचिव, पर्यटन विभाग) से आयुक्त (पटना नगर निगम)
23 आइपीएस का भी तबादला
रविवार की देर रात 23 आइपीएस अफसरों का भी तबादला कद दिया गया। स्पेशल विजिलेंस यूनिट के आइजी रत्न संजय कटियार राज्य के पहले आइजी (मद्यनिषेध) बनाए गए। बेतिया, जमुई व सुपौल के एसपी का तबादला कर दिया गया। आइजी जितेंद्र सिंह गंगवार, सुनील कुमार झा व जितेंद्र कुमार को प्रोन्नति देकर एडीजी बनाया गया। डीआइजी मो. रहमान आइजी बनाए गए, जबकि छह एसपी स्तर के अधिकारियों को डीआइजी में प्रोन्नत किया गया। साथ ही 10 अन्य आइपीएस को नई जिम्मेदारी दी गई।