गोपालगंज की SDO और इंजीनियर पति के ठिकानों पर एसवीयू की रेड, आय से अधिक संपत्ति मामले में एक्शन
विशेष निगरानी इकाई (SVU) ने आय से अधिक संपत्ति मामले में गोपालगंज की SDO कुमारी प्रेरणा कुमार और उनके इंजीनियर पति रितेश कुमार के छह ठिकानों पर छापेमारी की।

गोपालगंज की सदर एसडीओ एवं उनके पति के ठिकानों पर छापेमारी। फाइल
HighLights
SVU ने SDO और इंजीनियर पति के ठिकानों पर छापा मारा।
आय से अधिक संपत्ति अर्जित करने के आरोप में कार्रवाई।
पटना, रोहतास, गोपालगंज में छह जगहों पर तलाशी अभियान।
राज्य ब्यूरो, पटना। आय से अधिक संपत्ति अर्जित करने के मामले में विशेष निगरानी इकाई (SVU) ने मंगलवार को बड़ी कार्रवाई की।
एसवीयू की अलग-अलग टीमों ने गोपालगंज सदर की अनुमंडलाधिकारी (SDO) कुमारी प्रेरणा कुमार और उनके इंजीनियर पति रितेश कुमार के छह ठिकानों पर एक साथ छापेमारी की।
पटना में कार्यपालक अभियंता हैं पति
रितेश कुमार पटना में पथ प्रमंडल के एग्जीक्यूटिव इंजीनियर के पद पर कार्यरत हैं। जानकारी के अनुसार, एसवीयू की टीमें पटना, रोहतास और गोपालगंज स्थित ठिकानों पर तलाशी अभियान चला रही हैं।
आय से अधिक संपत्ति अर्जित करने की शिकायत मिलने के बाद निगरानी इकाई ने यह कार्रवाई शुरू की है। इसके तहत दोनों से जुड़े आवासीय और अन्य ठिकानों पर जांच की जा रही है।
बैंक खाते समेत अन्य दस्तावेज खंगाल रही एसवीयू
छापेमारी के दौरान एसवीयू की टीम संपत्ति से संबंधित दस्तावेज, बैंक खातों के रिकार्ड, वित्तीय लेन-देन के ब्योरे और अन्य महत्वपूर्ण कागजात खंगाल रही है।
अधिकारियों की ओर से यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि दंपती की ज्ञात आय के स्रोतों और अर्जित संपत्तियों के बीच कितना अंतर है।
तलाशी के दौरान मिलने वाले दस्तावेजों और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।