गोपालगंजः दहेज में दो लाख रुपये व बाइक नहीं मिली तो महिला को निर्वस्त्रकर घर से निकाला
महिला को मैला पिलाने की घटना के बाद अब भोरे में एक विवाहिता को निर्वस्त्र कर दहेज के लिए घर से बाहर निकाल दिया गया। यहां महिला उत्पीड़न की घटना पर लगाम नहीं लग रही है। पीड़िता की शादी इसी साल जून में हुई थी।
गोपालगंज, जेएनएन। भोरे में महिला उत्पीड़न की घटना पर लगाम नहीं लग रही है। अभी हाल ही में एक महिला को मैला पिलाने की घटना के बाद अब भोरे में एक विवाहिता को निर्वस्त्र कर दहेज के लिए घर से बाहर निकाल दिया गया। इस मामले को लेकर महिला ने भोरे थाने में ससुराल वालों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराई है। पुलिस मामले की जांच पड़ताल कर रही है।
बताया जाता है कि थाना क्षेत्र के बनकटा मल निवासी प्रदीप साह की शादी इसी साल 28 जून को सिंधु देवी से हुई। शादी के बाद ससुराल जाने पर सिंधु देवी को दहेज में दो लाख रुपये तथा बाइक के लिए प्रताड़ित किया जाने लगा। इसके बाद भी मांग पूरी नहीं हुई तो सिंधु देवी के पति प्रदीप साह, ससुर लाल वचन साह, लीला देवी, सिया देवी, गुरूम साह सहित पांच लोगों ने उनके साथ मारपीट की। फिर स्याही नदी के किनारे ले जाकर उन्हें नंगा कर दिया और भगा दिया। महिला के बयान पर उनके पति सहित पांच लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर पुलिस मामले की जांच पड़ताल कर रही है।
गया में शर्मसार करने वाली वारदात
बिहार में महिलाओं की सुरक्षा बड़ा सवाल बन गया है। कैमूर के बाद बिहार के गया जिले से एकबार फिर शर्मसार करने वाली घटना सामने आई है। कोंच थाना में नाबालिग किशोरी के साथ सामूहिक दुष्कर्म का मामला प्रकाश में आया है। इस कृत्य से आहत किशोरी ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। मामले को लेकर शुक्रवार को कोंच थाने नाबालिग के स्वजनों ने प्राथमिकी दर्ज कराई है। पीड़ित परिवार ने तीन को नामजद व एक अज्ञात युवक के खिलाफ एफआइआर दर्ज कराई है। थानाध्यक्ष प्रशांत कुमार ने बताया कि पीड़ित स्वजनों के आवेदन पर प्राथमिकी दर्ज की गई है। प्राथमिकी में 376डी, पोस्को व एससी-एसटी एक्ट में मामला दर्ज है। आरोपितों की तलाश की जा रही है।