गोपालगंज अग्निकांड: गैस रिसाव से उजड़े दो परिवार, 5 साल के अंकुश और 18 वर्षीय मिस्टी की मौत; 25 झुलसे
गोपालगंज के सफियाबाद गांव में गैस सिलेंडर रिसाव से लगी आग में 18 वर्षीय मिस्टी और 5 वर्षीय अंकुश की ...और पढ़ें

रोते बिलखते स्वजन: जागरण।
HighLights
सफियाबाद गांव में गैस रिसाव से लगी भीषण आग।
18 वर्षीय मिस्टी और 5 वर्षीय अंकुश की मौत।
करीब 25 लोग झुलसे, गांव में शोक का माहौल।
जागरण संवाददाता, गोपालगंज। बैकुंठपुर थाना क्षेत्र के सफियाबाद गांव में मंगलवार की शाम गैस सिलेंडर से रिसाव के बाद लगी भीषण आग ने दो परिवारों की खुशियां छीन लीं। हादसे में झुलसे लोगों में एक 18 वर्षीय युवती और पांच साल के मासूम बच्चे की मौत हो गई, जबकि करीब 25 लोग झुलस गए।
दोनों की हालत गंभीर होने पर सदर अस्पताल से बेहतर इलाज के लिए गोरखपुर रेफर किया गया था, लेकिन रास्ते में ही उन्होंने दम तोड़ दिया। घटना के बाद गांव में शोक का माहौल है और मृतकों के स्वजन का रो-रोकर बुरा हाल है।
18 साल की मिस्टी और 5 साल के अंकुश की मौत
मृतकों की पहचान सफियाबाद गांव निवासी कंचन शर्मा की 18 वर्षीय पुत्री मिस्टी कुमारी और पड़ोसी प्रेम नाथ मांझी के पांच वर्षीय पुत्र अंकुश कुमार के रूप में हुई है।
आग की चपेट में आने से दोनों गंभीर रूप से झुलस गए थे। हादसे के बाद उन्हें अन्य घायलों के साथ इलाज के लिए सदर अस्पताल पहुंचाया गया। चिकित्सकों ने उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए बेहतर उपचार के लिए गोरखपुर रेफर कर दिया।
गोरखपुर ले जाने के दौरान रास्ते में तोड़ा दम
परिजनों को उम्मीद थी कि बेहतर इलाज से दोनों की जान बच जाएगी, लेकिन अस्पताल पहुंचने से पहले ही रास्ते में उनकी मौत हो गई। इस खबर से परिवारों में चीख-पुकार मच गई।
बुधवार की सुबह दोनों के शव सदर अस्पताल लाए गए। यहां आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद पोस्टमार्टम कराया गया। इसके बाद शव स्वजन को सौंपने की प्रक्रिया पूरी की गई।
गैस रिसाव के बीच दीये की चिंगारी से लगी आग
जानकारी के अनुसार, मंगलवार की शाम सफियाबाद गांव में गैस सिलेंडर से गैस का रिसाव हो रहा था। इसी दौरान दीये की चिंगारी के संपर्क में आने से आग लग गई।
देखते ही देखते आग ने विकराल रूप धारण कर लिया और आसपास मौजूद लोग इसकी चपेट में आ गए। हादसे के बाद मौके पर अफरातफरी मच गई। लोगों ने किसी तरह बचाव की कोशिश की और घायलों को अस्पताल पहुंचाने में मदद की।
करीब 25 लोग झुलसे, गांव में मचा कोहराम
इस अग्निकांड में करीब 25 लोगों के झुलसने की जानकारी है। घायलों को उपचार के लिए सदर अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका इलाज किया गया।
हादसे में दो लोगों की मौत के बाद पूरे गांव में मातम पसरा है। एक ओर परिवार 18 साल की मिस्टी को खोने के गम में डूबा है, तो दूसरी ओर पांच साल के अंकुश की मौत से उसके घर में दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। घटना ने गांव के लोगों को झकझोर कर रख दिया है।
