CoronaVirus Bihar Update: कोरोना की अच्छी खबर- राष्ट्रीय औसत से बेहतर हुए आंकड़े, अब तक स्वस्थ हुए 77.5% मरीज
CoronaVirus Bihar Update बिहार में कोरोना संक्रमण व स्वस्थ होने वाले मरीजों का आंकड़ा राष्ट्रीय औसत से बेहतर है। यहां के 91 फीसद मरीज ग्रामीण क्षेत्रों से आते हैं।
पटना, जागरण टीम। CoronaVirus Bihar Update: बिहार में कोरोना को लेकर यह राहत भरी खबर है। अब तक कुल 77.5 फीसद कोरोना पॉजिटिव मरीज पूरी तरह से स्वस्थ हो चुके हैं। राज्य में औसतन 10 से 11 दिनों में कोरोना पॉजिटिव मरीज स्वस्थ हो रहे हैं। प्रति 10 लाख पर देश में मृत्यु दर जहां 11 है, वहीं बिहार में यह 0.45 फीसद है। जहां पूरे देश में प्रति 10 लाख लोगों में से 325 मरीज हैं, वहीं बिहार में प्रति 10 लाख लोगों में केवल 68 मरीज हैं। ये जानकारी देते हुए बिहार के स्वास्थ्य मंत्री मंगल पांडेय ने बताया कि अभी तक 56 मरीजों की मृत्यु हुई है, जिनमें 53 पुरूष एवं तीन महिलाएं शामिल हैं।
अब तक 1.81 लाख से अधिक जांच
मंत्री मगल पांडेय ने कहा कि पटना के राजेंद्र मेमोरियल रिसर्च इंस्टीच्यूट (आरएमआरआइ) में कोबास मशीन से जांच शुरू हो गई है। इस मशीन की क्षमता एक दिन में 1000 से 1200 जांच करने की है। इससे राज्य में जांच की क्षमता बढ़ गई है। स्वासथ्य सचिव लोकेश कुमार के अनुसार बीते छह मार्च से अभी तक प्रदेश में करीब 1.82 लाख सैंपल की जांच की जा चुकी है, जिनमें 8,611 पॉजिटिव मिले हैं। संक्रमितों में से अब तक 76.34 प्रतिशत ठीक भी हुए हैं। इसके बाद प्रदेश में एक्टिव मामले 2074 ही रह गए हैं।
ग्रामीण क्षेत्रों से आते 91 फीसद मरीज
स्वास्थ्य सचिव के अनुसार कुल संक्रमित मरीजों में 91 फीसद मरीज ग्रामीण क्षेत्रों से आते हैं। नौ फीसद मरीज शहरी क्षेत्रों के हैं। राज्य में अभी तक कुल 523 ग्रामीण एवं शहरी प्रखंड क्षेत्र प्रभावित हुए हैं।
शुक्रवार को मिले 123 नए मरीज
प्रदेश में शुक्रवार को कोरोना संक्रमण के और 190 मरीज मिले हैं, जबकि 24 घंटे में 189 संक्रमित स्वस्थ हुए हैं। 190 नए मरीज मिलने के बाद पॉजिटिव की संख्या 8,678 हो गई है। इनमें ठीक होने वाले 6,669 हैं। राज्य में अब एक्टिव केस 1,954 रह गए हैं।