विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

गोवा के फिल्म फेस्टिवल में बिहार का जलवा, फिल्म सिटी बनाने का न्योता; ब्रिटेन के पूर्व सांसद ने भी दिखाई दिलचस्पी

Published: Sat, 21 Nov 2026 09:34 PM (IST)

गोवा में आयोजित आईएफएफआई में बिहार पवेलियन फिल्म जगत का आकर्षण बना। बिहार ने अपनी फिल्म नीति, शूटिंग लोकेशन और सब्सिडी की जानकारी देकर राज्य को नया फिल्म निर्माण केंद्र बनाने की संभावनाएँ प्रस्तुत कीं।  

रामोजी फिल्म सिटी के एमडी को बिहार आने का न्योता

रामोजी फिल्म सिटी के एमडी को बिहार आने का न्योता

HighLights

  1. गोवा आईएफएफआई में बिहार पवेलियन बना आकर्षण का केंद्र।

  2. फिल्म नीति, सब्सिडी और लोकेशन की जानकारी दी गई।

  3. रामोजी फिल्म सिटी को बिहार में फिल्म सिटी का न्योता।

जागरण संवाददाता, पटना। गोवा में आयोजित इंटरनेशनल फिल्म फेस्टिवल ऑफ इंडिया (आईएफएफआई) के दूसरे दिन वेव्स फिल्म बाजार में बिहार पवेलियन फिल्म जगत की हस्तियों और फिल्म निर्माताओं के आकर्षण का केंद्र बना रहा।

बिहार राज्य फिल्म विकास एवं वित्त निगम के प्रबंध निदेशक प्रणव कुमार के नेतृत्व में पहुंची टीम ने फिल्मकारों और निर्माताओं को राज्य की फिल्म नीति, शूटिंग के लिए उपलब्ध लोकेशन, अनुमति की प्रक्रिया और फिल्म निर्माण पर मिलने वाले अनुदान की जानकारी दी। पवेलियन के माध्यम से बिहार ने फिल्म निर्माण के नए केंद्र के रूप में अपनी संभावनाओं को देश-विदेश के सामने रखा।

सूचना एवं प्रसारण मंत्रालय के सचिव पहुंचे बिहार पवेलियन

फिल्म फेस्टिवल के दौरान सूचना एवं प्रसारण मंत्रालय के सचिव चंचल कुमार ने बिहार पवेलियन का दौरा किया। इस दौरान निगम के एमडी प्रणव कुमार ने उन्हें अंगवस्त्र और मिथिला पेंटिंग भेंटकर स्वागत किया।

बिहार की फिल्म नीति और राज्य में फिल्म निर्माण की संभावनाओं से उन्हें अवगत कराया गया। पवेलियन में मौजूद प्रतिनिधियों ने बताया कि बिहार में फिल्म शूटिंग के लिए आकर्षक लोकेशन के साथ सरकारी सहायता की भी व्यवस्था है।

रामोजी फिल्म सिटी के एमडी को बिहार आने का न्योता

रामोजी फिल्म सिटी के प्रबंध निदेशक विजेश्वरी के साथ फिल्म निर्माण के लिए जरूरी बुनियादी ढांचे के विकास पर चर्चा हुई। इस दौरान प्रणव कुमार ने उन्हें बिहार में फिल्म सिटी बनाने के लिए आमंत्रित किया।

बिहार में फिल्म निर्माण से जुड़ी सुविधाओं के विकास और संभावनाओं पर भी विचार-विमर्श हुआ। इस पहल से राज्य में फिल्म उद्योग के लिए बड़े निवेश और बुनियादी ढांचे के विकास की उम्मीद जगी है।

ब्रिटेन के पूर्व सांसद ने भी दिखाई दिलचस्पी

ब्रिटेन के पूर्व सांसद एरिक ओलरेंशा के साथ बिहार की फिल्म नीति और राज्य के अनछुए शूटिंग लोकेशन पर चर्चा हुई। एरिक ने बिहार में फिल्म निर्माण की व्यापक संभावनाओं को स्वीकार करते हुए यहां के लोकेशन को एक्सप्लोर करने की इच्छा जताई।

बिहार पवेलियन के माध्यम से राज्य की सांस्कृतिक विरासत, प्राकृतिक सुंदरता और विविध लोकेशन को अंतरराष्ट्रीय फिल्म जगत के सामने प्रस्तुत किया जा रहा है।

फिल्म सब्सिडी नीति से उत्साहित हैं निर्माता

इंडियन मोशन पिक्चर प्रोड्यूसर्स एसोसिएशन (इंपा) के अध्यक्ष अभय सिन्हा और महासचिव निशांत उज्ज्वल ने बिहार फिल्म नीति के सफल क्रियान्वयन के लिए राज्य सरकार का आभार जताया।

उन्होंने कहा कि बिहार में फिल्म सब्सिडी नीति की शुरुआत से फिल्म जगत के लोगों में उत्साह है। बिहारी होने के नाते अपनी धरती पर फिल्म की शूटिंग करना उनके लिए सुखद और गर्व का अनुभव होगा।

फिल्म जगत की हस्तियों ने बिहार की संभावनाओं को सराहा

बिहार पवेलियन में फिल्म जगत से जुड़े कई लोगों ने पहुंचकर राज्य में फिल्म निर्माण की संभावनाओं में रुचि दिखाई। इनमें संजीव पराशर, रजत दुबे, संतोष श्रीराम, ललित राव, शर्मिष्ठा शाहा, अमोल शिंदे, संजय नंदन, आकांक्षा नवल, आजाद आलम, रामा भास्कर, सुब्रो चौधरी और विनय इमैनुअल समेत दर्जनों लोग शामिल रहे।

फिल्म निर्माण का नया केंद्र बनने की तैयारी में बिहार

गोवा के फिल्म फेस्टिवल में बिहार की सक्रिय भागीदारी राज्य को फिल्म निर्माण के नए केंद्र के रूप में स्थापित करने की कोशिश का हिस्सा है। फिल्म नीति, सब्सिडी, शूटिंग लोकेशन और फिल्म सिटी निर्माण जैसे विषयों पर हुई चर्चाओं से बिहार के लिए नए अवसर खुल सकते हैं। राज्य सरकार की कोशिश फिल्म निर्माताओं को बिहार की ओर आकर्षित करने और यहां फिल्म उद्योग का मजबूत इकोसिस्टम विकसित करने की है।

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।