कार्यक्रम में लेट से पहुंचे रामविलास, लड़की ने दी ये नसीहत ...जानिए क्या कहा
बिहार के राजगीर में एक आम लड़की ने केंद्रीय मंत्री रामविलास पासवान को समय पालन की नसीहत दे डाली। उन्होंने पासवान के पार्टी के कार्यक्रम में विलंब से पहुंचने पर नाराजगी जाहिर की।
पटना [जेएनएन]। बिहार के राजगीर स्थित इंटरनेशनल कंवेंशन सेंटर में आयोजित लोजपा के राष्ट्रीय पदाधिकारियों व जिलाध्यक्षों के दो दिवसीय सम्मेलन में गुरुवार को पार्टी सुप्रीमो रामविलास पासवान को असहज स्थित का सामना करना पड़ा। कार्यक्रम में विलंब से पहुंचने पर उनके स्वागत के लिए खड़ी एक लड़की ने उनसे सवाल कर दिया।
बिहारशरीफ के राजगीर में आयोजित कार्यक्रम में विलंब से पहुंचने के कारण केंद्रीय मंत्री व लोजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष रामविलास पासवान और उनके सांसद बेटे चिराग पासवान को फजीहत उठानी पड़ी। उनके स्वागत के लिए इंतजार कर रही एक लड़की शानवी ने विलंब से आने पर दोनों को ही माइक से नसीहत दे डाली।
लड़की ने ''हैलो रामविलास जी'' से उन्हें संबोधित करते हुए कहा कि ''हमें आप लोगों के स्वागत के लिए बुलाया गया था, लेकिन हम घंटों से इंतजार कर रहे हैं।'' लड़की ने चिराग पासवान को भी नहीं छोड़ा। उसके तवर से रामविलास और चिराग दोनों हतप्रभ रह गए।
पासवान को नसीहत देने वाली लड़की शानवी नालंदा के हरनौत की रहने वाली है। इस घटना की राजनीतिक हलके में जबरदस्त चर्चा है।