गिरिराज के विवादित बोल: किशनगंज में AIMIM की जीत पर कही ये बात, NDA में ही हो रहा विरोध
बिहार के उपचुनाव परिणाम पर गिरिराज सिंह ने विवादित बयान दिया है। उनके बयान का एनडीए में ही विरोध हो रहा है। क्या है मामला जानिए इस खबर में।
पटना [जेएनएन]। बिहार में छह सीटों पर हुए उपचुनाव (By Election) के बाद अब सियासी प्रतिक्रियाओं (Political Reactions) का दौर चल रहा है। इसी कड़ी में केंद्रीय मंत्री व भारतीय जनता पार्टी (BJP) नेता गिरिराज सिंह (Giriraj Singh) ने विवादित बयान दिया है। किशनगंज विधानसभा सीट (Kishanganj Assembly Seat) पर ऑल इंडिया मजलिस-ए-इत्तेहादुल मुस्लिमीन (AIMIM) के प्रत्याशी की जीत को उन्होंने वंदे मातरम (Vande Matram) से नफरत करने वालों की जीत बतायाा है।
उधर, गिरिराज के बयान पर राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (NDA) में ही विरोध देखने को मिल रहा है। एनडीए के घटक दल लोक जनशक्ति पार्टी (LJP) के संसदीय दल नेता चिराग पासवान (Chirag Paswan) ने उनके बयान पर एतराज जताया है।
गिरिराज सिंह ने किया ये ट्वीट
केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह ने शुक्रवार को अपने ट्वीट (Tweet) में उपचुनाव के परिणाम पर प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने लिखा है कि बिहार के उपचुनाव में सबसे खतरनाक परिणाम किशनगंज से आया है। वहां एआइएमआइएम की जीत पर उन्होंने लिखा है कि ओवैसी (Owaisi) की पार्टी (AIMIM) जिन्ना (Jinnah) की सोच वाली है। वे लोग वंदे मातरम से नफरत करते हैं। इससे बिहार की सामाजिक समरसता को खतरा है। अंत में उन्होंने लिखा है कि इस बारे में बिहार वासियों को सोचना चाहिए।
बिहार के उपचुनाव में सबसे ख़तरनाक परिणाम किशनगंज से उभर के आया है ..ओवैसी की पार्टी AIMIM जिन्ना की सोच वाले है ,यें वंदे मातरम से नफरत करते है ,इनसे बिहार की सामाजिक समरसता को खतरा हैं।
बिहार वासियों को अपने भविष्य के बारे में सोचना चाहिए।
— Shandilya Giriraj Singh (@girirajsinghbjp) October 25, 2019
एनडीए नेताओं ने किया विरोध
गिरिराज के इस बयान पर एलजेपी के चिराग पासवान ने विरोध किया है। उन्होंने कहा है कि किशनगंज में एआइएमआइएम की जीत जनता का फैसला है। जनता के फैसले पर सवाल नहीं किया जा सकता। गिरिराज के बयान काे उनकी अपनी पार्टी (बरजेपी) में भी मिलता नहीं दिख रहा। बीजेपी नेता व सांसद आरके सिन्हा ने भी कहा है कि गिरिराज सिंह को ऐसी टिप्पणियों से बचना चाहिए।