केंद्रीय मंत्री गिरिराज ने रामकृपाल यादव के लिए मांगे वोट
सातवें चरण के चुनाव प्रचार के अंतिम दिन चुनाव प्रचार जोरों पर रहा।
पटना (बिहटा) : सातवें चरण के चुनाव प्रचार के अंतिम दिन भाजपा के केंद्रीय राज्य मंत्री गिरिराज सिंह ने पाटलिपुत्र लोकसभा क्षेत्र के कई इलाकों में जनसंपर्क अभियान चलाया। वे बिहटा के पैनाल, आनंदपुर, सिकंदरपुर, बिहटा, अमहारा, पड़री, कंचनपुर, राजपुर, सिकरिया, दरियापुर सहित दर्जनों गाव में घूमकर लोगों से रामकृपाल यादव को विजयी बनाने की अपील की। इस मौके पर गिरिराज सिंह ने कहा कि पूरे देश में 272 सीटों पर चुनाव लड़ने वाली पार्टी सिर्फ भाजपा है और विपक्षी कह रहे हैं कि हम सरकार बनाएंगे। उन्होंने जनता से जाति-पाती से ऊपर उठकर राष्ट्रवादी बनकर भाजपा का समर्थन करने को कहा। जाति-पाती का भेदभाव पूरे देश मे जहर घोलने का काम कर रहा है, इससे देश का विकास नहीं सिर्फ विनाश हो सकता है। इस मौके पर भाजपा युवा मोर्चा के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष अतुल कुमार, जिलाध्यक्ष आशुतोष कुमार, अजित सिंह, श्रीकात पाडेय, मंटू पाडेय, केदार पाडेय, अमरेंद्र सिंह, लव कुमार, जाजू कुमार, कुश कुमार और सुरेंद्र सिंह सहित सैकड़ों लोग उपस्थित थे। पूरा देश भाजपा के विरोध में खड़ा है, जनता 23 को सुनाएगी फैसला : तेजस्वी
बिहटा : चुनाव प्रचार के अंतिम दिन प्रखंड के सिमरी उच्च विद्यालय में महागठबंधन के नेताओं ने मीसा भारती के समर्थन में आम सभा का आयोजन किया। तेजस्वी यादव ने सभा को संबोधित करते हुए कहा कि रामकृपाल चाचा और पलटू चाचा दोनों ने मिलकर मेरे पिता को जेल भेजा है। आज संविधान और आरक्षण दोनों के ऊपर खतरा मंडरा रहा है। महागठबंधन यह चुनाव संविधान और आरक्षण के साथ-साथ गरीबों के अधिकार को बचाने के लिए लड़ रहा है। जनता अब न्याय के मूड में है, जो 23 तारीख को अपना फैसला सुनाएगी। वहीं मीसा भारती ने बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार पर सीधा हमला करते हुए कहा कि सृजन घोटाला में फंसने के कारण उन्होंने भाजपा से हाथ मिला लिया। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर हमला करते हुए कहा कि दो करोड़ युवाओं को नौकरी देने की बात कही गई थी लेकिन युवाओं को रोजगार नहीं मिला। आज भी देश में 22 लाख पद खाली हैं। मौके पर विधायक भाई वीरेंद्र, सुभाष यादव, जिलाध्यक्ष देवमुनि यादव, प्रदेश महासचिव अशोक गोप, मुखिया जवाहर विश्वकर्मा, पैक्स अध्यक्ष सिराजुद्दीन, मो नसीम, मनोज कात कुशवाहा, माले नेता गोपाल सिंह आदि ने भी संबोधित किया। सभी ने लोगों से मीसा भारती को जिताने की अपील की। भाई वीरेंद्र ने मीसा भारती के लिए चलाया जनसंपर्क अभियान
मनेर : पाटलिपुत्र लोकसभा से राजद प्रत्याशी मीसा भारती के लिए मनेर के राजद विधायक भाई वीरेंद्र ने नगर पंचायत क्षेत्र में जनसंपर्क अभियान चलाया। विधायक भाई वीरेंद्र ने कहा कि कि मोदी सरकार से जनता ऊब चुकी है। 23 को इनकी विदाई निश्चित है। मौके पर नगर पंचायत के पूर्व अध्यक्ष विद्याधर विनोद, नगर पंचायत अध्यक्ष मीरा देवी के पति दिलीप गुप्ता, पार्षद संजय कुमार गुप्ता, रवि शकर चौरसिया, डॉ. रणवीर यादव, पंचायत समिति सदस्य अखिलेश कुमार, मंटू यादव और सोनू यादव समेत राजद के कई कार्यकर्ता मौजूद थे।
लोकसभा चुनाव और क्रिकेट से संबंधित अपडेट पाने के लिए डाउनलोड करें जागरण एप