राबड़ी ने PM मोदी को बताया जल्लाद तो भड़के गिरिराज, बोले- गालियों से मिलगी ताकत
बिहार में लोकसभा चुनाव प्रचार के दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदीके खिलाफ विपक्ष की बदजुबानी पर गिरिराज सिंह ने तीखी प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने क्या कहा जानिए इस खबर में।
पटना [जेएनएन]। लोकसभा चुनाव प्रचार के दौरान बयानों के गिरते स्तर से राजनीति गरमा गई है। राबड़ी देवी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को जल्लाद तक कह डाला। इसके पहले कांग्रेस नेता प्रियंका गांधी के पीएम मोदी को दुर्योधन तो संजय निरूपम के औरंगजेब का आधुनिक अवतार कहा था। पीएम मोदी के खिलाफ विपक्ष के ऐसे बयानों पर भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के फायरब्रांड नेता गिरिराज सिंह ने तीखी प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने कहा कि ऐसी गालियों से गरीब के बेटे को और ताकत मिलेगी।
गिरिराज ने कही ये बात
गिरिराज सिंह ने कहा कि सोनिया और लालू खानदान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को जितनी गालियां देंगे, गरीब के बेटे मोदी उतने ही ताकतवर होंगे। संजय निरूपम द्वारा नरेंद्र मोदी को औरंगजेब का आधुनिक अवतार कहने पर गिरिराज सिंह ने कहा कि कांग्रेस का वश चलता तो तुष्टिकरण के नाम पर औरंगजेब का शासन ला देती। उन्होंने आगे कहा कि हिंदुओं की सहिष्णुता की परीक्षा न ली जाए, क्योंकि औरंगजेब का शासन अब नहीं आने वाला।
ममता पर भी बोला हमला
गिरिराज सिंह ने ममता बनर्जी के प्रधानमंत्री को थप्पड़ मारने के बयान पर कहा कि उनका वश चले तो 'जय श्री राम' बोलने पर प्रतिबंध लगा दें। बंगाल की जनता ममता बनर्जी को ऐसा थप्पड़ लगा रही है कि उन्हें जीवन भर ऐसी बदजुबानी याद रहेगी।
केसी त्यागी के बयान पर कही ये बात
गिरिराज सिंह राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) में भाजपा के सहयोगी जनतादल यूनाइटेड (जदयू) के राष्ट्रीय महासचिव केसी त्यागी के बयान पर भी बरसे। केसी त्यागी के धारा 370 पर दिए गए बयान पर कहा कि समान नागरिक संहिता, राम मंदिर व धारा 370 भाजपा के एजेंडे में सबसे ऊपर हैं। उन्होंने कहा कि अगले पांच साल में जनसंख्या नियंत्रण कानून लागू करना भी भाजपा के एजेंडे में सबसे ऊपर रहेगा।
लोकसभा चुनाव और क्रिकेट से संबंधित अपडेट पाने के लिए डाउनलोड करें जागरण एप