पटना-गया रेललाइन पर 4 दिन बाद फिर दौड़ीं 10 मेमू ट्रेनें, पुनपुन पुल पर 10 किमी/घंटा रही रफ्तार
पुनपुन-पटना के बीच पुल संख्या-21 पर जलस्तर बढ़ने के कारण चार दिनों से बाधित गया-पटना रेलखंड पर बुधवार से ट्रेनों का परिचालन सामान्य हो गया।

सांकेतिक तस्वीर
HighLights
गया-पटना रेलखंड पर चार दिन बाद ट्रेनें फिर दौड़ीं।
पुनपुन पुल पर जलस्तर घटने से परिचालन सामान्य हुआ।
दैनिक यात्रियों, छात्रों को मिली बड़ी राहत।
जागरण संवाददाता, पटना। पुनपुन-पटना के बीच रेलवे पुल संख्या-21 पर जलस्तर बढ़ने के कारण चार दिनों से प्रभावित गया-पटना रेलखंड पर बुधवार से ट्रेनों का परिचालन सामान्य हो गया। गया से पटना और पटना से गया के बीच रद की गईं सभी 10 मेमू ट्रेनों का परिचालन बहाल कर दिया गया।
इसके साथ ही परिवर्तित मार्ग से चलाई जा रही पटना-हटिया कोसी एक्सप्रेस और बुद्ध पूर्णिमा एक्सप्रेस का परिचालन भी अपने निर्धारित मार्ग और समय के अनुसार शुरू हो गया। ट्रेनों के परिचालन सामान्य होने से गया से पटना आने-जाने वाले दैनिक यात्रियों, नौकरी-पेशा लोगों और विद्यार्थियों को बड़ी राहत मिली है।
चार दिनों तक ट्रेनों के रद रहने से गया जंक्शन पर यात्रियों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा था। विशेषकर सुबह और शाम के समय मेमू ट्रेनों पर निर्भर दैनिक यात्रियों को बस और अन्य वैकल्पिक साधनों का सहारा लेना पड़ा। इससे यात्रियों का समय और किराया दोनों अधिक खर्च हुआ।
इन 10 मेमू ट्रेनों की पटरी पर वापसी
रेलवे के आदेश के अनुसार,आठ सितंबर को गया-पटना और पटना-गया के बीच चलने वाली 10 मेमू ट्रेनों का परिचालन रद किया गया था। इनमें 63242 गया-पटना मेमू, 63258 गया-पटना मेमू, 63245 पटना-गया मेमू, 63396 गया-पटना मेमू, 63248 गया-पटना मेमू, 63243 पटना-गया मेमू, 63259 पटना-गया मेमू, 63393 पटना-गया मेमू, 63250 गया-पटना मेमू और 63253 पटना-गया मेमू शामिल थीं। बुधवार से इन सभी ट्रेनों का परिचालन शुरू कर दिया गया।
कोसी एक्सप्रेस भी निर्धारित मार्ग पर लौटी
गया-पटना रेलखंड पर परिचालन सामान्य होने के साथ परिवर्तित मार्ग से चलाई जा रही कोसी एक्सप्रेस का परिचालन भी सामान्य हो गया। 18625 पूर्णिया कोर्ट-हटिया एक्सप्रेस और 18626 हटिया-पूर्णिया कोर्ट एक्सप्रेस को पिछले दिनों परिवर्तित मार्ग से चलाया गया था। बुधवार से इन ट्रेनों का परिचालन निर्धारित मार्ग से किया गया।
बुद्ध पूर्णिमा एक्सप्रेस भी समय पर चली
गया जंक्शन से होकर गुजरने वाली बुद्ध पूर्णिमा एक्सप्रेस का परिचालन भी बुधवार से अपने निर्धारित समय के अनुसार शुरू हो गया। इससे गया से पटना सहित अन्य स्थानों की यात्रा करने वाले यात्रियों को राहत मिली।
गया जंक्शन पर लौटी चहल-पहल
चार दिनों तक पटना रूट की मेमू ट्रेनों के रद रहने से गया जंक्शन के संबंधित प्लेटफार्मों पर सन्नाटा पसरा था। बुधवार को ट्रेनों का परिचालन शुरू होते ही जंक्शन पर यात्रियों की आवाजाही बढ़ गई।
सुबह से ही पटना जाने वाले नौकरी-पेशा लोगों और विद्यार्थियों की भीड़ नजर आई। ट्रेन सेवा बहाल होने पर दैनिक यात्रियों ने राहत की सांस ली। रेलवे ने पुनपुन-पटना के बीच पुल संख्या-21 पर जलस्तर बढ़ने के कारण सुरक्षा को देखते हुए परिचालन में बदलाव किया था।
जलस्तर में सुधार के बाद अब गया-पटना रेलखंड पर मेमू सहित अन्य ट्रेनों का परिचालन सामान्य कर दिया गया है। इससे पिछले चार दिनों से परेशान यात्रियों को बड़ी राहत मिली है।
यह भी पढ़ें- दरभंगा में बेटे को रोकने पहुंची मां, सिर पर बांस से किया वार; रास्ते में मौत
