विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

दरभंगा में बेटे को रोकने पहुंची मां, सिर पर बांस से किया वार; रास्ते में मौत

By Mrityunjay BhardwajEdited By: Dharmendra Singh
Published: Wed, 09 Sep 2026 04:16 PM (GMT+05:30)

दरभंगा में एक बेटे ने अपनी पत्नी और बच्चों की पिटाई करने से रोकने पर मां के सिर पर बांस ...और पढ़ें

इसमें प्रतीकात्मक तस्वीर लगाई गई है।

इसमें प्रतीकात्मक तस्वीर लगाई गई है।

HighLights

  1. बेटे ने पत्नी-बच्चों की पिटाई करते हुए मां पर वार किया।

  2. मां प्रमिला देवी की अस्पताल ले जाते समय रास्ते में मौत।

  3. पुलिस ने आरोपी बेटे ज्ञानी यादव को तुरंत गिरफ्तार किया।

संवाद सहयोगी, दरभंगा। बिहार में दरभंगा जिले में जिस बेटे को अपनी पत्नी और बच्चों की पिटाई करने से रोकने के लिए मां बीच-बचाव करने पहुंची, उसी बेटे ने उसके सिर पर बांस के टुकड़े से वार कर दिया।

गंभीर रूप से घायल 65 वर्षीय प्रमिला देवी को स्वजन उपचार के लिए डीएमसीएच ले जा रहे थे, लेकिन रास्ते में ही उनकी मौत हो गई। अस्पताल पहुंचने पर चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। घटना के बाद पुलिस ने आरोपित बेटे ज्ञानी यादव को गिरफ्तार कर लिया।

पत्नी-बच्चों से कर रहा था मारपीट

घटना फेकला थाना क्षेत्र के घोरघटा बीसबिघा गांव में मंगलवार देर शाम की है। जानकारी के अनुसार उपेंद्र यादव का मंझला पुत्र ज्ञानी यादव अपनी पत्नी सुशीला देवी (25), पुत्री नंदनी कुमारी (7), अंशिका कुमारी (5) और पुत्र प्रिंस (3) के साथ मारपीट कर रहा था। घर में मारपीट होते देख उसकी मां प्रमिला देवी बेटे को रोकने के लिए पहुंचीं।

बीच-बचाव करना पड़ा भारी

बताया गया कि ज्ञानी यादव के हाथ में पहले से बांस का टुकड़ा था। मां ने उसे मारपीट करने से मना किया। इसी दौरान गुस्से में उसने बांस के टुकड़े से मां के सिर पर प्रहार कर दिया। वार लगते ही प्रमिला देवी लहूलुहान होकर जमीन पर गिर पड़ीं। गंभीर हालत में स्वजन उन्हें लेकर डीएमसीएच के लिए रवाना हुए।

रास्ते में तोड़ा दम

डीएमसीएच पहुंचने से पहले ही प्रमिला देवी ने रास्ते में दम तोड़ दिया। अस्पताल पहुंचने पर चिकित्सकों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया। घटना की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और आरोपित पुत्र को गिरफ्तार कर लिया।

पति ने कहा- गुस्से में कर दी हत्या

घटना की सूचना प्रमिला देवी के पति उपेंद्र यादव ने पुलिस को दी। बुधवार को पोस्टमार्टम हाउस में उन्होंने बताया कि बेटे ने गुस्से में मां की हत्या कर दी। उन्होंने आरोपित को सजा दिलाने की मांग की। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। प्रक्रिया पूरी होने के बाद शव स्वजन को सौंप दिया गया।

आदतन नशे का आरोप

आरोपित के बड़े भाई ध्यानी यादव ने बताया कि ज्ञानी यादव आदतन नशे का सेवन करता है। वह अक्सर परिवार के साथ मारपीट करता था। तीनों भाई एक ही आंगन में अलग-अलग रहते हैं। मां-पिता बड़े बेटे के साथ रहते थे। घटना के बाद परिवार में कोहराम मचा हुआ है।

जांच में जुटी पुलिस

फेकला थानाध्यक्ष वशिष्ठ कापर ने दलबल के साथ पहुंचकर आरोपित को गिरफ्तार किया। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है। घटना के कारणों और वारदात की परिस्थितियों की भी जानकारी जुटाई जा रही है।