Move to Jagran APP

Gaya News: अब गया शहर के हर घर को मिलेगा गंगाजल, प्‍याऊ से पानी पीकर सीएम नीतीश कुमार ने किया उद्घाटन

Gaya News मुख्यमंत्री नीतीश कुमार आज गया व बोधगया में गंगाजल की पेयजल आपूर्ति योजना का उद्घाटन किया। उन्होंने रामसागर तालाब के पास शीशे के गिलास से गंगाजल को ग्रहण किया तथा दो घरों में जलापूर्ति का जायजा भी लिया।

By Amit AlokEdited By: Mon, 28 Nov 2022 04:25 PM (IST)
Gaya News: अब गया शहर के हर घर को मिलेगा गंगाजल, प्‍याऊ से पानी पीकर सीएम नीतीश कुमार ने किया उद्घाटन
गया में प्याऊ से पानी पीकर योजना का उद्घाटन करते नीतीश कुमार।

गया, जागरण संवाददाता। CM Nitish in Gaya: मुख्यमंत्री नीतीश कुमार (CM Nitish Kumar) ने सोमवार को गया व बोधगया में गंगा जलापूर्ति योजना का शुभारंभ किया। इस क्रम में गया शहर के रामसागर तालाब के पास दोपहर में प्याऊ से गंगाजल पिया। उन्होंने प्‍याऊ के पास के दो घरों में जाकर जलापूर्ति व्‍यवस्‍था भी देखी। सोमवार से गया शहर की दस हजार आबादी को गंगाजल मिलने लगा है।

विष्णुपद मंदिर में पूजा कर रामसागर तालाब पहुंचे

मुख्‍यमंत्री के गंगाजल पीने के लिए नगर निगम द्वारा प्याऊ का सुंदरीकरण किया गया था तो स्थल तक पहुंचने के लिए सड़क को मरम्मत की गई थी। रामसागर तालाब पर सुरक्षा की कड़ी व्‍यवस्‍था भी थी। प्याऊ के तीन ओर नल लगाए गए हैं, जिनसे गंगाजल निकलता है। स्थल पर एक मंच का निर्माण किया गया था, जहां से मुख्यमंत्री ने संबोधित किया। नगर निगम के एक पदाधिकारी ने बताया कि विष्णुपद मंदिर में पूजा-अर्चना करने के बाद मुख्यमंत्री सीधे रामसागर पहुंचें। फिर, संबोधन के बाद बोधगया के लिए रवाना हो गए। 

प्‍याऊ से पानी पीकर पास के दो घरों में भी गए मुख्यमंत्री

रामसागर तालाब के पास मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने दो घरों में भी जाकर गंगाजल की आपूर्ति व्यवस्था देखी। पहला घर भीम सिंह का तो दूसरा घर दीपक कुमार का था। दोनों घरों में गंगाजल आपूर्ति को लेकर कनेक्शन दिए गए हैं। वहीं नल के पास स्टैंड का निर्माण किया गया है। दोनों घरों के लोग मुख्यमंत्री के आगमन को लेकर खुश पहले से ही खुश थे। उनके घर पहली बार मुख्‍यमंत्री पहुंचे।

गया शहर की 10 हजार आबादी को मिलेगा गंगाजल

सोमवार से गया शहर की 10 हजार से अधिक आबादी को गंगाजल मिलेगा। गंगाजल सीधा मंगलागौरी के पास टंकी में पाइपलाइन से गिराया जा रहा है। टंकी से गंगाजल सीधा शहर के मोहल्लों में मिलेगा।