पांडव गिरोह के सरगना संजय सिंह की पत्नी गिरफ्तार
पांडव गिरोह के सरगना रहे संजय सिंह की पत्नी प्रतिमा सिंह को पुलिस ने रंगदारी वसूलने के मामले में गिरफ्तार कर लिया है।
पटना। पांडव गिरोह के सरगना रहे संजय सिंह की पत्नी प्रतिमा सिंह को पुलिस ने रंगदारी वसूलने के आरोप में गिरफ्तार कर लिया। उसके पास से रंगदारी में वसूला गया 50 हजार रुपये भी पुलिस ने बरामद कर लिये। घटना गांधी मैदान थाना इलाके की है। जानकारी के मुताबिक प्रतिमा सिंह गांधी मैदान थाना क्षेत्र में स्थित जुबैद अपार्टमेंट के फ्लैट नंबर 304 में रहती है। रामकृष्णानगर निवासी और पेशे से अखबार हॉकर संजीत का उसके यहां अखबार का 2000 रुपये बकाया था। बकाया पैसे मांगने शुक्रवार को वह उसके फ्लैट पर गया था। जब उसने अपने पैसों की मांग की तो प्रतिमा सिंह गुस्से में आ गई। उसके कहने पर उसके सहयोगी मनीष और दीपक ने संजीत को फ्लैट में बंधक बना लिया। इसके बाद प्रतिमा सिंह ने संजीत की कनपटी में पिस्टल सटाकर उससे 50 हजार रुपये मांगे। तीनों ने धमकाकर संजीत के चार एटीएम कार्ड छीन लिये और उसका पिन पूछ लिया। इसके बाद इन लोगों ने उसके एटीएम कार्ड का इस्तेमाल कर 50 हजार रुपये निकाल लिये। रुपये निकालने के बाद इन लोगों ने संजीत को छोड़ा। वहां से छूटने के बाद हॉकर ने इसकी सूचना गांधी मैदान थाने को दी। जानकारी के बाद मौके पर थाने की पुलिस पहुंची और प्रतिमा समेत दीपक और मनीष को उसके फ्लैट से गिरफ्तार कर लिया। पहले भी कई बार जा चुकी है जेल
तलाशी के दौरान प्रतिमा के पास से संजीत से लूटे गए 50 हजार रुपये बरामद किए गए। साथ ही इसके फ्लैट से 80 ग्राम गांजा भी बरामद किया गया। प्रतिमा पहले भी वर्ष 1998 में कंकड़बाग थाने से जेल जा चुकी है। वहीं 2004 में बेउर थाना इलाके के अमित मोटल से दीपक के साथ ही दो पिस्टल और दो रायफल के साथ पकड़ी गई थी। वह नौबतपुर इलाके से जिला परिषद का चुनाव भी लड़ी थी, जिसमें वह हार गई थी। वह मुखिया का चुनाव भी लड़ी थी और उसमें भी पराजित हुई थी। उत्पाद विभाग में दारोगा थी प्रतिमा
संजय की पत्नी प्रतिमा उत्पाद विभाग में दारोगा थी। आपराधिक मामलों में लिप्त रहने के कारण उसे विभाग से बर्खास्त कर दिया गया था। बताया जाता है कि संजय ने अब दूसरी शादी कर ली है। प्रतिमा फिलहाल उससे अलग रहती है।