3200 किलोमीटर, 27 नदियां: पटना के घाटों पर दिखा दुनिया के सबसे लंबे रिवर क्रूज 'गंगा विलास' का जलवा
भारत में जलमार्ग पर्यटन को बढ़ावा देने के उद्देश्य से गंगा विलास क्रूज 17 विदेशी पर्यटकों को लेकर पटना से ...और पढ़ें

पटना के घाटों पर दिखा दुनिया के सबसे लंबे रिवर क्रूज 'गंगा विलास' का जलवा
HighLights
भारत में जलमार्ग पर्यटन को बढ़ावा दे रहा गंगा विलास क्रूज।
17 विदेशी पर्यटकों को लेकर पटना से कोलकाता रवाना हुआ।
दुनिया का सबसे लंबा रिवर क्रूज, वाराणसी से डिब्रूगढ़ तक।
जागरण संवाददाता, पटना सिटी। भारत में विकसित जलमार्ग को बढ़ावा देने तथा ऐतिहासिक एवं धार्मिक महत्व वाले स्थलों से पर्यटकों को रूबरू कराने के उद्देश्य से रिवर क्रूज गंगा विलास का परिचालन शुरू किया गया।
गंगा, ब्रह्मपुत्र, पद्मा, हुगली समेत 27 छोटी-बड़ी नदियों और नदी प्रणालियों से यह सफेद रंग का क्रूज गुजरता है। वाराणसी से लेकर बांग्लादेश के बीच नदी में विकसित जलमार्ग से होता हुआ यह क्रूज असम के डिब्रूगढ़ तक का (लगभग 32 सौ किलोमीटर) सफर तय करता है।
वाराणसी से बुधवार को विदेशी पर्यटकों को लेकर पटना पहुंचा गंगा विलास गुरुवार की दोपहर सत्रह पर्यटकों को साथ लेकर गंगा के रास्ते कोलकाता के लिए रवाना हो गया।
यह जानकारी देते हुए भारतीय अंतरदेशीय जलमार्ग प्राधिकरण (आईडब्लूएआई) के पदाधिकारी ने बताया कि रिवर क्रूज गंगा विलास दुनिया में सबसे अधिक नदियों के जलमार्ग की दूरी तय करने वाला जहाज है।
कोलकाता से वाराणसी के बीच इस जहाज के आने जाने का सिलसिला जारी रहेगा। रिवर क्रूज पर आरामदायक 18 कमरे, बालकनी, सन डेक, जिम, रेस्टोरेंट समेत अन्य सुविधाएं उपलब्ध हैं।
गायघाट स्थित आईडब्लूएआई के बंदरगाह के करीब मीतन घाट, नौजर घाट, महावीर घाट होता हुआ कोलकाता जाने के लिए मुड़ा गंगा विलास स्थानीय लोगों के बीच आकर्षण का केंद्र बना रहा।
36 पर्यटकों की क्षमता वाले इस क्रूज की छत पर बने सन डेक और चारो ओर की हरियाली के बीच विदेशी पर्यटक घूमते नजर आए। जेपी गंगा पथ से आते-जाते लोगों ने रुक कर इस विशाल और आकर्षक जहाज का फोटो कैमरे में कैद किया।