तकनीक से दोस्ती दिलाएगी बेहतर भविष्य : कुलपति
मगध महिला कॉलेज में बुधवार को पहली बार टेक्नीकल फेस्ट का आयोजन किया गया।
पटना। मगध महिला कॉलेज में बुधवार को पहली बार टेक्नीकल फेस्ट का आयोजन किया गया। इसकी शुरुआत पटना विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. डॉ. रास बिहारी प्रसाद सिंह और प्रति कुलपति प्रो. डॉ डॉली सिन्हा के संबोधन से हुई। कुलपति ने कहा कि अभी के समय में तकनीक से बड़ा और अच्छा दोस्त कोई हो ही नहीं सकता है। हम अभी तो तकनीक को हल्के में ले रहे हैं, लेकिन आने वाला समय तकनीक का ही है।
इसलिए छात्राओं के लिए जरूरी है कि वो अभी से ही तकनीक से दोस्ती कर लें, जिससे उनका भविष्य भी सुचारू रूप से चलता रहे। वहीं प्रति कुलपति ने भी मौजूदा दौर में तकनीक की जरूरत पर रोशनी दी।
कॉलेज की प्राचार्या प्रो. शशि शर्मा ने कहा कि ये हमारे लिए खुशी की बात है कि हमारे कॉलेज का बीसीए विभाग 19 साल पूरा कर लिया है और हम सब यहां मिलकर इस फेस्ट का आनंद ले रहे हैं। और हमारी छात्राएं अलग-अलग प्रकार से अपनी प्रतिभा को सब के सामने पेश कर रही हैं।
स्ट्रीट फोटोग्राफी में दिखा अलग-अलग पटना :
कॉलेज की छात्राओं द्वारा 25 फोटो के माध्यम से पटना के अलग-अलग रंग और स्वरूप को दिखाने की कोशिश की जा रही थी। किसी ने पटना की रंगीन शाम को दिखाया तो वहीं किसी ने गंगा की लहरों में दोस्तों की मस्ती के रंग को दिखाया गया।
पोस्टर के माध्यम से दिखा जलजमाव का दुख :
फेस्ट के दौरान छात्राओं ने पोस्टर के माध्यम से कैसे पटना के लोग परेशान और अस्त-व्यक्त हो गए थे, इसको पोस्टर के माध्यम से दिखाया। साथ ही उसमें ये भी दिखाया गया कि इस जलजमाव के लिए हम आम लोग भी कितने जिम्मेदार है और क्यों। छात्राओं द्वारा कुल 21 पोस्टर बनाए गए है। इसमें तकनीक पर हम कैसे निर्भर होते जा रहे है, इसके बारे में बताया गया।
कथक और रिबन डांस से बनाया कार्यक्रम मनोरंजक :
फेस्ट को मनोरंजक बनाने के लिए छात्राओं द्वारा विभिन्न प्रकार के डांस म्यूजिक की भी प्रस्तुति की गई। इसमें क्लासिकल डांस और वेस्टर्न म्यूजिक के साथ जोड़ा गया, तो कही कथक के साथ बॉलीवुड स्टेप को जोड़ते हुए कार्यक्रम को मनोरंजक बनाया गया।
वेस्ट से बनाया गया बेस्ट :
छात्राओं द्वारा अपनी कला का प्रदर्शन करते हुए घर और आस-पास के पड़े सामानों को जोड़ कर दीपावली में घर सजाने के कई सारे सामान बना कर उनको प्रदर्शनी में लगाया गया। जिसमें तरह-तरह की लाइट के साथ ही पेन स्टैड, पर्स और अन्य सामान बनाए गए थे।