पटना में बड़ा हादसा: खेलते-खेलते नदी में नहाने लगे बच्चे, सगे भाइयों समेत चार की डूबने से मौत Patna News
राजधानी में मंगलवार को नहाने के दौरान चार बच्चे डूब गए। हादसे में चारों की मौत हो गई। घटना के बाद मृतक बच्चों के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल। सभी धनरुआ के दौलतपुर निवासी थे।
पटना, जेएनएन। राजधानी में मंगलवार को बड़ी घटना हो गई। मसौढ़ी में नहाने के दौरान चार बच्चे डूब गए। हादसे में चारों की मौत हो गई। घटना के बाद सूचना पर कादिरगंज थाना क्षेत्र पुलिस पहुंची। घटना के बाद बच्चों के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। मृत बच्चों की उम्र छह से आठ साल के बीच है। इसमें दो सगे भाई थे। सभी दौलतपुर के धनरुआ निवासी थे।
मिली जानकारी के अनुसार कादिरगंज थाना क्षेत्र के दौलतपुर गांव की दरधा नदी के पास मंगलवार की दोपहर करीब 1.30 बजे चार बच्चे खेल रहे थे। खेल-खेल में चारों दरधा नदी में जाकर नहाने लगे। इसी दौरान एक का संतुलन बिगड़ गया। उसके चिल्लाने पर बाकी तीन बच्चे भी नदी में उतर गए। इसी दौरान चारों गहरे पानी में चले गए। आसपास के लोगों ने देखा तो शोर किया।
जबतक चारों को पानी से निकाला जाता सभी की सांसें थम चुकी थीं। मृत बच्चों में अजय कुमार के पुत्र अक्षय कुमार और अमित कुमार, राकेश कुमार का पुत्र अंकित कुमार और रामानुज प्रसाद का पुत्र शशि भूषण शामिल है। चारों दौलतपुर के धनरुआ निवासी थे। इनकी उम्र छह से आठ साल के बीच बताई जा रही है। हादसे में अपने दोनों पुत्र खोने वाले अजय कुुमार का रो-रोकर बुरा हाल है। जबकि बच्चों की मां मौत की खबर सुनकर बेसुध हो गई हैं।