यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Jan 11, 2025 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।
RJD ने नीतीश की पार्टी से ले लिया बदला! जदयू के पूर्व सांसद थामेंगे राजद का हाथ, बोले- लालू-तेजस्वी से हो गई बात
Bihar Politics जदयू के पूर्व सांसद मंगनीलाल मंडल राजद में शामिल होने जा रहे हैं। वे जननायक कर्पूरी जयंती समारोह ...और पढ़ें

HighLights
- पूर्व सांसद मंगनीलाल मंडल राजद में होंगे शामिल
- मंगनीलाल मंडल का राजद से रहा है पुराना रिश्ता
राज्य ब्यूरो, पटना। जदयू के पूर्व सांसद मंगनीलाल मंडल राजद में शामिल होंगे। जननायक कर्पूरी जयंती समारोह में वे राजद की सदस्यता ग्रहण करेंगे।
इसके लिए मधुबनी जिला के फुलपरास में समारोह का आयोजन किया गया है। मंडल के अनुसार राजद अध्यक्ष लालू प्रसाद और विपक्ष के नेता तेजस्वी यादव के साथ दल में शामिल होने के मुद्दे पर उनकी बातचीत हो गई है।
मिलन समारोह में इन दोनों नेताओं ने आने की स्वीकृति दी है। 1977 में मुख्यमंत्री बनने के समय कर्पूरी ठाकुर लोकसभा के सदस्य थे। उप चुनाव में वे फुलपरास से ही विधायक चुने गए थे।
पहली बार 1993 में बने थे लघु सिंचाई मंत्री
पूर्व सांसद ने कहा कि इसी पृष्ठभूमि को ध्यान में रखकर मिलन समारोह का आयोजन फुलपरास में किया जा रहा है। मंडल का राजद से पुराना रिश्ता रहा है।
वह पहली बार 1993 में लालू प्रसाद के मंत्रिमंडल में लघु सिंचाई मंत्री बने थे। उस समय वे विधान परिषद के सदस्य थे। 1986 से 2004 तक मंडल विधान परिषद के सदस्य रहे। उसके बाद राजद ने उन्हें राज्यसभा भेजा।
2009 में जदयू टिकट पर झंझारपुर से लोकसभा सदस्य निर्वाचित हुए। 2014 में झंझारपुर से राजद उम्मीदवार बने।
चुनाव में हार के कुछ साल बाद जदयू में चले आए। जदयू ने उन्हें राष्ट्रीय उपाध्यक्ष बनाया। इस समय जदयू में किसी पद पर नहीं हैं।
बता दें कि इस साल के अंत तक होने वाले विधानसभा चुनाव को लेकर सियासी सरगर्मी तेज है। आए दिन नेता दल बदल रहे हैं।
हाल ही में बनियापुर से राजद विधायक केदारनाथ सिंह जदयू में शामिल हुए थे। माना जा रहा है कि राजद ने अब मंगनीलाल को पार्टी में शामिल कराकर नीतीश कुमार की पार्टी से बदला लिया है।
तेजस्वी के आगमन की तैयारी में लगा युवा राजद
- दूसरी तरफ, बिहार में प्रतिपक्ष के नेता तेजस्वी यादव 20 जनवरी को औरंगाबाद आएंगे। यहां कार्यकर्ताओं से संवाद करेंगे। तेजस्वी के कार्यक्रम को सफल बनाने में युवा राजद के कार्यकर्ता लगे हैं।
- औरंगाबाद परिसदन में युवा राजद के कार्यकारिणी की बैठक जिलाध्यक्ष राहुल यादव की उपस्थिति में की गई। प्रस्तावित यात्रा पर चर्चा हुई। निर्णय लिया गया कि कार्यक्रम में सभी वर्ग के युवा भाग लेंगे।
- कहा गया कि 2025 में बिहार में राजद सरकार बनना तय है। युवा राजद संगठन प्रभारी जयप्रकाश शर्मा, राजद जिलाध्यक्ष अमरेंद्र कुशवाहा, प्रधान महासचिव अनिल टाइगर, जिला उपाध्यक्ष धर्मेंद्र कुमार यादव, युवा प्रधान महासचिव तारिक इमाम उपस्थित रहे।
यह भी पढ़ें-
