पूर्व पार्षद हत्याकांड: आरोपित ने किया खुलासा, साढ़े चार कट्ठा जमीन के लिए ले ली जान Patna News
पटना में रविवार की सुबह पूर्व वार्ड पार्षद की हत्या के मामले में गिरफ्तार आरोपित ने खुलासा किया है कि जमीन के लिए नागेश्वर राय की जान ली गई।
पटना, जेएनएन। पत्रकार नगर थाने की पुलिस ने पटना नगर निगम के पूर्व वार्ड पार्षद नागेश्वर राय (65) की हत्या की गुत्थी 24 घंटे में सुलझा ली। रामकृष्ण नगर थाना क्षेत्र के खेमनीचक मोहल्ले में स्थित साढ़े चार कट्ठे की जमीन को लेकर पूर्व पार्षद की हत्या की गई थी।
पुलिस ने हत्या की साजिश में शामिल एक आरोपित को गिरफ्तार कर लिया। उसकी पहचान नंदलाल छपरा निवासी टुनटुन प्रसाद यादव के रूप में हुई है। इस हत्याकांड में एक डॉक्टर समेत चार लोगों पर नामजद प्राथमिकी दर्ज कराई गई है। पुलिस फरार अभियुक्तों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी कर रही है।
खेमनीचक के एक भूखंड पर नागेश्वर राय और उनके पड़ोस में रहने वाला डॉक्टर दावा कर रहे थे। डॉक्टर की तरफ से टुनटुन ने विवादित भूखंड पर बाउंड्री कराने का ठेका लिया था। फरवरी में टुनटुन ने बाउंड्री भी करवा दी। जब नागेश्वर राय को मालूम हुआ तो वे भूखंड पर गए, जहां विरोधी पक्ष से झड़प हो गई थी। इसके बाद उन्होंने रामकृष्ण नगर थाने में मामला भी दर्ज कराया था। सूत्रों की मानें तो टुनटुन के मोबाइल की टावर लोकेशन दो-तीन दिन से नागेश्वर राय के घर के आसपास मिल रही थी।
बाइक सवार बदमाशों ने मार दी थी गोली
मालूम हो कि दक्षिणी चित्रगुप्त नगर में संजीवनी हॉस्पिटल के पास पटना नगर निगम के वार्ड संख्या 72 के पूर्व पार्षद नागेश्वर राय का मकान है। रविवार की सुबह लगभग 10 बजे वह सैलून से बाल-दाढ़ी बनवा कर लौट रहे थे, तभी बाइक सवार बदमाशों ने उनके सिर में गोली मार दी थी।